कवर्धा, 30 मई (आरएनएस)। जिले के पांडातराई थाना क्षेत्र अंतर्गत सोंढा गांव में एक युवक का क्षत-विक्षत शव बोरी में मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। शव की हालत देखकर आशंका जताई जा रही है कि युवक की हत्या करने के बाद उसके शव के कई टुकड़े कर बोरी में भरकर खेत में फेंक दिया गया।
जानकारी के अनुसार ग्रामीणों को खेत की ओर से तेज दुर्गंध आने पर संदेह हुआ। जब लोगों ने आसपास तलाश की तो एक संदिग्ध बोरी दिखाई दी। इसकी सूचना तत्काल पांडातराई पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने जब बोरी खोली तो अंदर युवक का शव कई हिस्सों में मिला, जिसे देखकर मौजूद लोग दंग रह गए।
पुलिस ने मृतक की पहचान कोमल वर्मा निवासी बैहरसरी के रूप में की है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक हत्या के कारणों और आरोपियों तक पहुंचने के लिए विभिन्न पहलुओं पर जांच की जा रही है। आसपास के ग्रामीणों और मृतक के परिचितों से पूछताछ की जा रही है, वहीं संदिग्धों की तलाश भी तेज कर दी गई है।
इस जघन्य हत्या की वारदात से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच जारी है और जल्द ही इस हत्याकांड का खुलासा कर दोषियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
०
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

