बिलासपुर 30 मई (आरएनएस) खेत के सुनसान कोने में ताश की गड्डियां खुल चुकी थीं, हार-जीत के दांव पर नोट उड़ रहे थे और जुए की महफिल पूरे शबाब पर थी, लेकिन इससे पहले कि खेल आगे बढ़ता, सरकंडा पुलिस ने दबिश देकर पूरी बाजी पलट दी। खमतराई के एक खेत में चल रहे ‘काट-पत्ती’ जुए के अड्डे पर छापेमारी कर पुलिस ने 8 जुआरियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। मौके से 14 हजार 700 रुपये नकद, 52 पत्ती ताश और जुए में इस्तेमाल होने वाली सामग्री जब्त की गई है।
थाना सरकंडा क्षेत्र में जुआ और सट्टे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत 30 मई 2026 को टाउन पेट्रोलिंग के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि खमतराई के खुले खेत में कुछ लोग ताश के पत्तों पर हार-जीत का दांव लगाकर ‘काट-पत्ती’ जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने स्वतंत्र गवाहों को साथ लेकर मौके पर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर कुछ लोग भाग निकले, लेकिन आठ आरोपियों को मौके पर ही दबोच लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में अनिल कुमार केंवट (28), विवेक दास मानिकपुरी (24), मनीष सिंह राजपूत (32), नीरज राव (36), नंनका साहू (22), गौकरण साहू (22), सुभाष सूर्यवंशी (23) और अंकित गोले उर्फ सोमू (28) शामिल हैं। सभी आरोपी बिलासपुर के विभिन्न क्षेत्रों के निवासी हैं। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से कुल 14,700 रुपये नगद, 52 पत्ती ताश और बोरी फट्टी बरामद की गई।
पुलिस ने जब्त सामग्री को कब्जे में लेकर आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 810/26 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 3(2) के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। मौके का नजरी नक्शा भी तैयार किया गया है और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।
बहरहाल, बिलासपुर पुलिस का जुआ और सट्टे के खिलाफ अभियान लगातार जारी है और साफ संदेश है कि कानून की नजर से बचकर अवैध खेल खेलने वालों की बाजी कभी भी उलट सकती है।

