धमतरी, 17 नवम्बर (आरएनएस)। केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के 19 नवम्बर को धमतरी कार्यक्रम की तैयारी का जायजा लेने आज रात्रि पुन: राज्य के वन मंत्री केदार कश्यप एवं राजस्व तथा जिला प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा धमतरी पहुंचे। दोनों मंत्रियों ने स्थानीय डॉ. शोभाराम देवांगन हायर सेकेंडरी स्कूल में आयोजित होने वाले मुख्य कार्यक्रम स्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यक्रम की रूपरेखा, मंच निर्माण, स्टॉलों की व्यवस्था, पार्किंग स्थलों, आगमन मार्ग तथा आमंत्रित अतिथियों हेतु बैठने की व्यवस्था की तैयारियों जानकारी ली कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने अब तक की प्रगति एवं समस्त व्यवस्थाओं की विस्तार पूर्वक जानकारी दी। निरीक्षण के दौरान दोनों मंत्रियों ने कार्यक्रम को सुचारु, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित रूप से संपन्न कराने हेतु आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने मंच, प्रवेश मार्ग, सुरक्षा प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण, पार्किंग संचालित व्यवस्था तथा स्टॉलों की सुव्यवस्थित स्थापना पर विशेष ध्यान देने के सुझाव दिए। साथ ही यह भी कहा कि सभी व्यवस्थाओं में समयबद्धता, स्वच्छता तथा आगंतुकों की सुविधा सर्वोपरि रखी जाए। वन मंत्री केदार कश्यप एवं राजस्व तथा जिला प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा ने जनप्रतिनिधियों से चर्चा की स्वागत आदि की रूपरेखा बनायी। इस अवसर पर महापौर रामू रोहरा, पूर्व विधायक रंजना साहू, पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार सहित जनप्रतिनिधि, जिला और पुलिस प्रशासन के अधिकारी मौजूद थे।
०
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

