दुर्ग, 18 नवंबर (आरएनएस)। सूरत (गुजरात) के पंडित दीनदयाल उपाध्याय इंडोर स्टेडियम में 24 से 31 अक्टूबर तक आयोजित 17वीं अभिनेता अक्षय कुमार कुडो इंटरनेशनल टूर्नामेंट, 16वीं कुडो नेशनल प्रतियोगिता और 6वीं फेडरेशन कप में छत्तीसगढ़ के खिलाडिय़ों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 44 स्वर्ण, 35 रजत और 55 कांस्य सहित कुल 134 पदक जीतकर प्रदेश और दुर्ग जिले का नाम रोशन किया। इस प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ से कुल 111 सदस्य शामिल हुए, जिनमें 106 खिलाड़ी और 5 कोच/मैनेजर थे, जबकि इनमें से 87 खिलाड़ी केवल दुर्ग जिले से थे। राज्य कुडो संघ के अध्यक्ष राजा कौशल ने बताया कि वर्ष 2022 में 57, 2023 में 42, 2024 में 122 और 2025 में रिकॉर्ड 134 पदक जीतते हुए अब तक छत्तीसगढ़ के खिलाडिय़ों ने नेशनल और इंटरनेशनल स्तर पर कुल 355 पदक हासिल कर राज्य को गौरवान्वित किया है। इस उपलब्धि के साथ भूपत साहू और मनीष कुमार साहू का चयन कस्टम विभाग कोलकाता में कुडो स्पोट्र्स कोटा के तहत हुआ है, जो संघ के लिए बड़ी खुशी की बात है। खिलाडिय़ों के उत्कृष्ट प्रदर्शन पर कुडो एसोसिएशन छत्तीसगढ़ की चेयरवूमेन अनुराधा सिंह, संरक्षक आशीष सुराना, सुरेंद्र सिंह चंदेल और जिला कुडो संघ दुर्ग की सचिव लीलिमा सोनी ने सभी विजेताओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
00000
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

