0 हिडमा समेत कई टॉप नक्सलियों के ढेर होने की सूचना, नक्सलवाद अंत की ओर
रायपुर, 18 नवंबर (आरएनएस)। आंध्रप्रदेश सीमा पर हुई बड़ी मुठभेड़ पर राज्य के उपमुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने अहम जानकारी साझा की है। शर्मा ने बताया कि सुकमा–कोंटा से सटे एपी क्षेत्र में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच भिड़ंत हुई है, जिसमें कई नक्सलियों के मारे जाने की प्रारंभिक सूचना मिली है। उन्होंने कहा कि इस ऑपरेशन में कुख्यात सीसी मेंबर माड़वी हिडमा, उसकी पत्नी राजे, और सब जोनल कमेटी मेंबर टेक शंकर सहित 6 नक्सलियों के ढेर होने की जानकारी मिल रही है।
शर्मा ने कहा कि यह सफलता नक्सल उन्मूलन अभियान के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नक्सलियों से हथियार छोड़ मुख्यधारा में लौटने की अपील की है।
गृह मंत्री ने कहा, सरकार सम्मानजनक पुनर्वास के लिए तैयार है, लेकिन हथियार छोडऩा आवश्यक है। बस्तर आज नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ रहा है। वहां के युवा खुद कह रहे हैं—’हमारा बस्तर, हम ही संभालेंगे।
उन्होंने एक बार फिर नक्सलियों से समर्पण का आग्रह करते हुए कहा कि जो भी समाज में लौटना चाहते हैं, उनके लिए रास्ते खुले हैं। एक सूचना पर कॉरिडोर क्लियर किया जा सकता है, लेकिन आत्मसमर्पण हथियार के साथ ही होना चाहिए।
सीमा पर हुई यह मुठभेड़ नक्सल संगठन को बड़ा नुकसान पहुंचाने वाली साबित हो रही है और अभियान को नई दिशा दे सकती है।
0

