0 नशा से दूर रहने और दूसरों को प्रेरित करने का लिया संकल्प
कोरिया, 18 नवंबर (आरएनएस)। नशा मुक्त भारत अभियान की 5वीं वर्षगांठ के अवसर पर आज जिला कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा ई-शपथ ली गई। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी अधिकारियों ने नशीले पदार्थों से दूर रहने तथा समाज में नशा मुक्ति के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प दोहराया। देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का वर्चुअल सन्देश भी सुना गया। ई-शपथ के दौरान वक्ताओं ने कहा कि नशीले पदार्थों का सेवन सिर्फ व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही प्रभावित नहीं करता, बल्कि उसके परिवार और समाज पर भी गहरा और नकारात्मक प्रभाव डालता है। किसी भी नशीले पदार्थ पर बढ़ती निर्भरता व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक और सामाजिक रूप से कमजोर बना देती है। मादक पदार्थों के नियमित सेवन के कारण तंत्रिका एवं मनोवैज्ञानिक समस्याएं, हृदय रोग, दुर्घटनाएं, हिंसा और आत्महत्या जैसी गंभीर परिस्थितियाँ उत्पन्न हो सकती हैं। इसे केवल स्वास्थ्य समस्या न मानकर एक मनो- सामाजिक -चिकित्सीय चुनौती के रूप में समझना आवश्यक है। कार्यक्रम में कलेक्टर श्रीमती चन्दन त्रिपाठी, जिला पंचायत सीईओ डॉ आशुतोष चतुर्वेदी, अपर कलेक्टर सुरेन्द्र प्रसाद वैद्य, डीडी मंडावी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे। भारत सरकार द्वारा संचालित नशा मुक्त भारत अभियान वर्तमान में देश के सभी जिलों में सक्रिय है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराना, उच्च शिक्षा संस्थानों, विश्वविद्यालयों, स्कूलों और समुदायों में जागरूकता बढ़ाना तथा जनभागीदारी को मजबूत बनाना है।
अधिकारियों ने संकल्प लिया कि वे स्वयं नशे से दूर रहेंगे और समाज में नशामुक्ति के लिए दूसरों को भी प्रेरित करेंगे, जिससे एक स्वस्थ, सुरक्षित और उन्नत समाज का निर्माण हो सके।
0
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

