हरिद्वार,18 नवंबर (आरएनएस)। मुख्य बाजारों और घनी आबादी वाले क्षेत्रों में बढ़ते आवारा पशुओं और बंदरों के आतंक से आम जनमानस को राहत दिलाने की मांग को लेकर महानगर व्यापार मंडल के प्रतिनिधिमंडल ने नगर आयुक्त को मांगपत्र सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने नगर आयुक्त को अवगत कराया कि उत्तरी हरिद्वार, कनखल, हरकी पैड़ी क्षेत्र तथा मध्य हरिद्वार में आवारा पशुओं और बंदरों की संख्या तेजी से बढ़ रही है, जिसके कारण लोग आए दिन दुर्घटनाओं और हमलों का शिकार हो रहे हैं। महानगर व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष सुनील सेठी ने बताया कि निगम द्वारा समय-समय पर अभियान चलाए जाने के बावजूद स्थिति में विशेष सुधार नहीं हुआ है, इसलिए लगातार कई दिनों तक बड़े स्तर पर अभियान चलाना आवश्यक है। सेठी ने कहा कि उत्तरी हरिद्वार की कई गलियों व मोहल्लों जिनमें भूपतवाला की मुखिया गली, खडख़ड़ी के विभिन्न क्षेत्र प्रमुख हैं में बंदरों का आतंक इस कदर बढ़ गया है कि लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है। वहीं दूसरी ओर, लावारिस मवेशियों के कारण रोजाना सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं। इस दौरान प्रीत कमल और महानगर उपाध्यक्ष सुनील मनोचा ने बाजारों के आसपास सार्वजनिक शौचालयों की कमी का मुद्दा उठाया। व्यापार मंडल ने सुझाव दिया कि बाजारों के आसपास उपयुक्त स्थान चिह्नित कर नए सुलभ शौचालयों का निर्माण कराया जाए। प्रतिनिधिमंडल में डॉ. अस्मिथ ऐरन, हरिमोहन भारद्वाज, युवराज बिष्ट, सोनू चौधरी, राजू जोशी और रमन सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

