देहरादून,18 नवंबर (आरएनएस)। जन जन को जल संरक्षण का संदेश देने के लिए पर्यावरणविद् रोबिन सिंह के नेतृत्व में छह सदस्यीय दल मां गंगा के पवित्र उद्गम स्थल गंगोत्री धाम से सातवें दिन मसूरी पहुंचा। यह दल मार्च 2026 के प्रथम सप्ताह में रामेश्वर पहुंचेगा जहां भगवान शिव का जलाभिषेक कर यह जल यात्रा पूर्ण होगी। मसूरी पहंचने पर इटावा उत्तर प्रदेश निवासी पर्यावरणविद रोबिन सिंह ने बताया कि यह ऐतिहासिक पदयात्रा जल संरक्षण एवं जल संवेदनशीलता के संदेश के साथ पूरे देश को जागरूक करने के उद्देश्य से की जा रही है। उन्होंने बताया कि पद यात्रा की शुरुआत मां गंगा के पवित्र उद्गम स्थल गंगोत्री धाम से सात दिन पूर्व पूजा अर्चना,यज्ञ के साथ शुरू की गई व सातवें दिन मसूरी पहुंची। उन्होंने बताया कि उनके साथ सहयोगी राम धीरज सिंह, रागिनी सिंह, रविंद्र सिंह चौहान, पीयूष सिंह व अभिराज सिंह भी यात्रा में शामिल है। गंगोत्री धाम से रामेश्वरम तक की यह पदयात्रा 3300 किमी की है जो नौ राज्यों से होकर गुजरेगी। उन्होंने कहा कि वर्तमान में पूरा विश्व जल संकट की गंभीर चुनौती से जूझ रहा है, लेकिन इस ओर किसी का ध्यान नहीं है। अगर अभी नहीं जागे तो आने वाली पीढ़ी को जीवन दायिनी जल के संकट से जूझना पड़ेगा। जल के लिए संघर्ष करना पड़ेगा। यात्रा का उद्देश्य देश के हर नागरिक में जल के प्रति संवेदनशीलता को जगाना व जल संरक्षण की भावना को आत्मसात करना है। यात्रा के दौरान जिस क्षेत्र से गुजर रहे हैं वहां के लोगों से इस गंभीर समस्या के बारे में संवाद किया जा रहा है ताकि लोगों में जल के प्रति जागरूकता बढ़े। उन्होंने कहा कि जल संवाद अभियान केवल एक पदयात्रा नहीं बल्कि जन जागरण है जो जल ही जीवन का संदेश समाज को दे रहा है। उसका संरक्षण हर व्यक्ति व मानवता के भविष्य के लिए जरूरी है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

