देहरादून,18 नवंबर (आरएनएस)। लाइब्रेरी से हाथीपांव जाने वाला मोती लाल नेहरू मार्ग छह माह पूर्व बना था लेकिन बरसात में रोड कई स्थानों पर उखड़ गई। लोक निर्माण विभाग ने इस ओर ध्यान नहीं दिया।यह सड़क आने जाने वालों के लिए खतरे का सबब बन गई है। सबसे अधिक खतरा गुलमर्ग होटल के समीप बना है। जहां आये दिन स्कूटी सवार चोटिल हो रहे हैं। लाइब्रेरी से हाथीपांव तक लोक निर्माण विभाग ने रोड की कार्पेटिंग की थी। लोगों को लगा था कि रोड अच्छी बन गयी लेकिन इस बार भारी बारिश के कारण रोड कई स्थानों पर उखड़ गई। ऐसे में हिचकोले खाकर चलना पड़ रहा है वहीं स्कूटी सवारों को चोटिल हो रहे हैं। खास कर होटल गुलमर्ग के सामने सबसे अधिक खतरा बना है, जहां आये दिन पैदल चलने वाले भी चोटिल हो रहे हैं। एक ओर रोड खराब है वहीं दूसरी ओर एक होटल का पुश्ता बरसात में ढह जाने के बाद वहां पर खतरा पहले से ही बना है। स्थानीय निवासी राम सिंह का कहना है कि यहां पर रोड खराब होने व उपर से पत्थर गिरने का खतरा हर समय बना है। रोड खराब होने के कारण यहां पर वाहन या स्कूटी सवार तेज भी नहीं चल सकते, अगर अचानक कभी टूटे पुश्ते से पत्थर गिर गया तो बड़ी दुर्घटना हो सकती है। अगर रोड ठीक कर दी जाय तो लोग वहां पर तेजी से निकल सकते हैं। इस संबंध में लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभिंयता राजेश कुमार ने बताया कि रोड का निरीक्षण कर शीघ्र रोड की मरम्मत का कार्य शुरू करवा दिया जाएगा।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

