रायपुर, 18 नवम्बर (आरएनएस)। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने रजनी ताई उपासने को सच्ची श्रध्दांजली अर्पित की। उन्होंने कहा कि स्व. रजनी ताई उपासने प्रदेश की महान विभूति रही। इस दौरान उन्होंने कहा कि रजनी ताई उपासने रायपुर शहर की प्रथम महिला विधायक रही। वे 1977 के आम चुनाव में जनता पार्टी से रायपुर शहर से विधानसभा सदस्य निर्वाचित हुई (रायपुर शहर की प्रथम महिला विधायक)। समाज कल्याण बोर्ड की उपाध्यक्ष रही। उन्होंने कहा कि छात्र जीवन से समाज कार्य में सक्रिय रही। सन 1970 में जनसंघ की सक्रिय कार्यकर्ता बनी। श्रीमती उपासने ने अन्याय एवं भ्रष्टाचार के खिलाफ अनेक आंदोलन किए एवं जेल गई। आपातकाल के समय भूमिगत होकर आंदोलन का सफल संचालन किया। रजनी ताई उपासने ने जिस विनम्रता एवं दृढ़ता से अपने विधायक के कार्यकाल में जनता के बीच अमिट छाप छोड़ी वह जनप्रतिनिधियों के लिए सीख है। उन्हें महिलाओं के राजनैतिक सशक्तिकरण के लिए हमेशा याद किया जायेगा। निधन उल्लेख: स्व. बनवारीलाल अग्रवाल भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने छत्तीसगढ़ विधानसभा के प्रथम उपाध्यक्ष रहे स्व. बनवारीलाल अग्रवाल को श्रध्दांजली अर्पित करते हुए कहा कि विधानसभा में अपनी प्रखर शैली के लिए चर्चित विधानसभा के प्रथम उपाध्यक्ष स्व. बनवारी लाल अग्रवाल जी समाज जीवन में अपने कार्यों के लिए स्मरण में रहेंगे। उन्होंने कहा कि स्व. बनवारी लाल अग्रवाल जी (1993-1998 एवं 1998-2003) दो बार कटघोरा विधानसभा क्षेत्र से विधायक निर्वाचित हुए। इसके पूर्व स्व. बनवारी लाल अग्रवाल जी 1990 से 1992 तक विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण कोरबा के अध्यक्ष रहे। वे पत्रकार दीर्घा सलाहकार समिति के पदेन सभापति रहे। मैं स्व. बनवारीलाल अग्रवाल को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूँ। निधन उल्लेख: स्व. राधेश्याम शुक्ल भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने अविभाजित मध्यप्रदेश विधानभा के सदस्य रहे स्व. राधेश्याम शुक्ल को स्मरण कर उन्हें श्रध्दाजली अर्पित की। उन्होंने कहा कि स्व. राधेश्याम शुक्ल तीन बार कॉग्रेस पार्टी से 1972, 1977 एवं 1980 में अविभाजित मध्यप्रदेश विधानसभा के सदस्य रहे। जनसेवा एवं समाज हित में उनका योगदान सदैव अविस्मरणीय रहेगा। उन्होंने श्री शुक्ल को अपनी ओर से विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की।
०
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

