कबीरधाम, 18 नवंबर (आरएनएस)। जिले के थाना बोडला की टीम द्वारा ग्राम छुही नाला किनारे जंगल में जुआ खेलने पहुंचे जुआरी पुलिस कार्रवाई की भनक पाकर भाग खड़े हुए। पुलिस ने मौके से 14 मोटर सायकलें जप्त की है।
बता दें कि कबीरधाम पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह के निर्देशन में तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र बघेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल के मार्गदर्शन एसडीओपी बोड़ला अखिलेश कौशिक पर्यवेक्षण में थाना बोडला की टीम द्वारा ग्राम छुही नाला किनारे जंगल में जुआ गतिविधि पर एक और प्रभावी कार्रवाई की गई।
मिली जानकारी के अनुसार 14 नवम्बर 2025 को प्राप्त गोपनीय सूचना के आधार पर थाना प्रभारी निरीक्षक रूपक शर्मा के नेतृत्व में पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस कार्रवाई की आहट पाते ही जुआ खेलने पहुंचे सभी आरोपी लोग घबराहट में अपनी मोटर सायकलें वहीं छोड़कर जंगल की ओर भाग निकले। पुलिस के पहुँचते ही जुआ स्थल छोड़कर भागना यह स्पष्ट संकेत है कि जुआ गतिविधि जारी थी और जुआरी पकड़े जाने के भय से मौके से फरार हुए। हालांकि मौके पर कोई जुआरी नहीं मिला, लेकिन नाला किनारे और खेतों में खड़ी कुल 14 मोटर सायकलें जुआ खेलने के प्रमाण के रूप में बरामद हुईं। ग्रामीणों को बुलाकर तस्दीक की गई, परंतु कोई भी व्यक्ति इन मोटर सायकलों के स्वामित्व या जुआ गतिविधि के बारे में कोई जानकारी देने आगे नहीं आया। संदिग्ध परिस्थितियों, लावारिस वाहनों की उपस्थिति और जुआ खेलने के स्पष्ट संकेतों के आधार पर गवाहों के समक्ष सभी वाहन जप्त कर थाना में सुरक्षित रखा गया है। मौके पर पंचनामा, जप्ती पत्रक, रोजनामचा एवं अन्य विधिक दस्तावेज तैयार किए गए। आज दिनांक को धारा 106 बीएनएसएस का इस्तगासा तैयार कर न्यायालय में प्रस्तुत कर दिया गया है। साथ ही सभी वाहनों के चेचिस और इंजन नंबर के आधार पर परिवहन विभाग से सत्यापन एवं वाहन स्वामियों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। फरार जुआरियों की पहचान सुनिश्चित कर उनके खिलाफ आगे कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
लोकेश
000
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

