रायपुर, 19 नवंबर (आरएनएस)। राजधानी में आतंकी संगठन ISIS से जुड़ाव के संदेह में 3 संदिग्धों को रायपुर पुलिस और एटीएस ने संयुक्त कार्रवाई में हिरासत में लिया है। एटीएस को मिली गोपनीय जानकारी के आधार पर की गई इस कार्रवाई में दो नाबालिग भी शामिल हैं। सभी से पूछताछ जारी है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि वे किसी बड़ी वारदात की तैयारी में थे या नहीं।
सूत्रों के अनुसार, एटीएस को कुछ दिन पहले छत्तीसगढ़ में ISIS मॉड्यूल के सक्रिय होने की सूचना मिली थी। साइबर निगरानी के बाद दो नाबालिगों की पहचान की गई, जो *फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट बनाकर कट्टरपंथी सामग्री साझा कर रहे थे और पाकिस्तान स्थित ISIS नेटवर्क से संपर्क में थे। उनके पास से उग्रवादी ऑडियो और वीडियो भी बरामद किए गए हैं। 15 नवंबर की शाम आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया था।
इस कार्रवाई को लेकर गृहमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि विस्तृत जांच के बाद एटीएस को बड़ी सफलता मिली है। उन्होंने बताया कि रायपुर के दो युवा पाकिस्तान के ISIS मॉड्यूल से निर्देश लेकर ऑनलाइन लोगों को प्रभावित कर रहे थे। गृहमंत्री ने कहा कि एटीएस की टीम को और मजबूत किया जाएगा तथा ISIS से जुड़े हर व्यक्ति पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


















