0-200 यूनिट तक आधी दर पर मिलेगी बिजली, 42 लाख परिवार होंगे लाभान्वित
रायपुर, 19 नवंबर (आरएनएस)। छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्य के बिजली उपभोक्ताओं को बड़ी सौगात देते हुए घरेलू बिजली दरों में महत्वपूर्ण छूट की घोषणा की है। विधानसभा के विशेष सत्र में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने बताया कि अब 200 यूनिट तक की बिजली पर उपभोक्ताओं को आधा बिल देना होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस निर्णय से राज्य के करीब 42 लाख घरेलू उपभोक्ताओं को सीधा लाभ मिलेगा। इनमें 36 लाख उपभोक्ता ऐसे हैं जो हर महीने 200 यूनिट तक बिजली का उपयोग करते हैं। वहीं लगभग 6 लाख उपभोक्ता, जो 200 से 400 यूनिट के बीच बिजली खर्च करते हैं, उन्हें भी अगले एक वर्ष तक 200 यूनिट तक आधी दर पर बिजली का लाभ मिलेगा। इन 6 लाख उपभोक्ताओं को यह एक साल की राहत पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत अपने घरों में सोलर प्लांट लगाने के लिए दी गई है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता हर उपभोक्ता को सस्ती, निर्बाध और भरोसेमंद बिजली उपलब्ध कराना है। चूंकि सोलर प्लांट लगाने की प्रक्रिया समय लेती है, इसलिए 1 दिसंबर से घरेलू उपभोक्ताओं के लिए यह नई योजना लागू की जा रही है, जिससे आम जनता के बिजली बिलों में भारी कमी आएगी।
उन्होंने यह भी बताया कि राज्य सरकार पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत अतिरिक्त सब्सिडी दे रही है—
1 किलोवाट सोलर प्लांट पर 15,000 रुपये,
2 किलोवाट या उससे अधिक क्षमता के प्लांट पर 30,000 रुपये तक की अतिरिक्त सहायता।
सरकार की यह पहल राज्य में सौर ऊर्जा को बढ़ावा देगी और आने वाले समय में उपभोक्ताओं को आधी नहीं बल्कि पूरी तरह मुफ्त बिजली का लाभ मिलने का रास्ता तैयार करेगी।
मुख्यमंत्री ने भरोसा जताया कि यह फैसला न केवल जनता के बिजली खर्च को कम करेगा, बल्कि ऊर्जा क्षेत्र में राज्य को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में भी अहम कदम साबित होगा।
०००

