राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन व एवं भारतीय मौसम विज्ञान के दिशा-निर्देशों के अनुरूप विशेष तैयारी शुरू
कोरियाए 19 नवम्बर (आरएनएस)। जिले में तापमान में तेजी से गिरावट और शीतलहर की संभावित स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन सतर्क हो गया है। राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं भारतीय मौसम विज्ञान विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के आधार पर कलेक्टर चंदन त्रिपाठी के निर्देश पर सभी विभागों को आवश्यक तैयारियाँ सुनिश्चित करने के आदेश जारी किए गए हैं। संबंधित दिशा -निर्देशों की प्रति विभागों को उपलब्ध करा दी गई है।
जिला प्रशासन की कार्ययोजना
जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के संशोधित दिशा- निर्देशों के अनुसार स्थानीय शीतलहर कार्ययोजना तैयार करने की प्रक्रिया तेज कर दी है।
जिला और तहसील स्तर पर नोडल अधिकारी नामांकित किए जाएंगे। शीतलहर से बचाव के संबंध में जनजागृति, स्थानीय प्रसारण माध्यमों के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा।
नगरीय क्षेत्र में विशेष व्यवस्था
नगरीय प्रशासन विभाग को रैन बसेरा एवं आश्रय गृहों में बिजली, भोजन, पानी और चिकित्सा सुविधाएँ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। बेघर एवं प्रभावित लोगों को चिन्हित कर उन्हें सुरक्षित स्थलों में स्थानांतरित किया जाएगा। जरूरत पडऩे पर अलाव की व्यवस्था भी की जाएगी।
विद्यालयों के लिए निर्देश
शीतलहर की गंभीर स्थिति में मौसम विभाग की चेतावनी के अनुसार स्कूलों के समय में परिवर्तन किया जा सकेगा। कक्षाओं को गरम रखने, प्राथमिक उपचार बॉक्स उपलब्ध कराने तथा आपातकालीन संपर्क नंबर प्रदर्शित करने के लिए स्कूल शिक्षा विभाग को निर्देशित किया गया है।
स्वास्थ्य विभाग की तत्परता
जिले के सभी शासकीय अस्पतालों में शीतलहर प्रभावितों के उपचार हेतु विशेष चिकित्सा योजना बनाई जा रही है। दवाइयों का पर्याप्त भंडारण, अलग वार्ड की व्यवस्था तथा स्वास्थ्य कर्मियों को चेतावनी संबंधी जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। वृद्ध, बच्चे, दिव्यांग और महिलाओं के लिए विशेष सावधानियों की व्यवस्था की जा रही है।
ग्रामीण क्षेत्र एवं श्रमिकों के लिए तैयारी
पंचायत भवनों में शीतलहर से बचाव संबंधी सूचना का प्रचार-प्रसार किया जाएगा। श्रम विभाग को औद्योगिक क्षेत्रों में कार्यरत श्रमिकों के लिए समय-समय पर कार्य समय समायोजित करने के निर्देश दिए गए हैं।
अन्य विभागों की भूमिका
सड़क किनारे रहने वाले लोगों को सुरक्षित आश्रय तक पहुंचाने का कार्य लोक निर्माण विभाग और पुलिस विभाग द्वारा सुनिश्चित किया जाएगा। परिवहन विभाग को बस स्टैंड और टैक्सी स्टैंड में फस्र्ट ऐड बॉक्स की व्यवस्था व आवश्यकतानुसार परिवहन समय में परिवर्तन का निर्देश दिया गया है। पशुओं के संरक्षण हेतु चारा, दवाइयों एवं आश्रय स्थलों को ढंकने जैसी व्यवस्थाएँ पशुपालन विभाग द्वारा सुनिश्चित की जाएंगी। किसानों को शीतघात से बचाव के उपाय कृषि विभाग द्वारा प्रशिक्षण एवं जनजागृति कार्यक्रमों में बताए जाएंगे।
प्रशासन ने की अपील
जिला प्रशासन ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनियों पर नियमित ध्यान रखें, आवश्यक सावधानियाँ अपनाएँ तथा शीतलहर के दौरान जरूरतमंदों की मदद के लिए आगे आएँ। गरम भोजन करने तथा घर से बाहर निकलने पर गरम कपड़े का उपयोग करने तथा इस दौरान सर्दी, खाँसी, जुकाम, सिर दर्द आदि होने पर तत्काल अस्पताल पहुंचकर डॉक्टर से जरूर जांच, उपचार कराने की अपील की है।
.०००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

