रायपुर/धमतरी 19 नवम्बर 2025(आरएनएस) जिला मुख्यालय में आयोजित राज्यस्तरीय समारोह में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 21वीं किस्त का वितरण, 2,225 करोड़ रुपये की ग्रामीण सड़क परियोजनाओं का शुभारंभ, मखाना बोर्ड के विस्तार और अनेक विकासपरक घोषणाओं ने किसानों को नई ऊर्जा दी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोयंबटूर से किस्त जारी करते हुए छत्तीसगढ़ के 25 लाख किसानों के खातों में 500 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए।
समारोह में केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, कृषि मंत्री रामविचार नेताम सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

शिवराज सिंह चौहान ने प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के अंतर्गत 2,225 करोड़ रुपये की स्वीकृत परियोजनाएं प्रस्तुत कीं, जिनसे 2,500 किलोमीटर से अधिक सड़कें बनेंगी और लगभग 780 गाँव पहली बार पक्की सड़क से जुड़ेंगे। उन्होंने घोषणा की कि राष्ट्रीय मखाना विकास बोर्ड का लाभ अब छत्तीसगढ़ के मखाना उत्पादक किसानों को भी मिलेगा।
अपने संबोधन में उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में हुए प्रमुख राष्ट्रीय निर्णयों—अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण, अनुच्छेद 370 का शांतिपूर्ण निष्कासन, महिला आरक्षण कानून और राष्ट्रीय सुरक्षा सुदृढ़ीकरण—का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि नक्सलवाद अब “अंतिम चरण” में है और राज्य विकास की मुख्यधारा में तेजी से लौट रहा है।
कार्यक्रम में हजारों किसानों की सहभागिता रही और विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र एवं कृषि उपकरण वितरित किए गए। प्रदर्शनी में कृषि तकनीक, ग्रामीण अवसंरचना, पीएमजीएसवाई और आत्मनिर्भर भारत से संबंधित मॉडल आकर्षण का केंद्र रहे।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि अन्नदाताओं का सम्मान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि किसान सम्मान निधि की किस्त से प्रदेश के 24 लाख 70 हजार 640 किसानों को सीधा लाभ मिला है तथा 494 करोड़ रुपये किसानों, वनपट्टाधारी हितग्राहियों और विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों के खातों में भेजे गए हैं। उन्होंने कहा कि 2 लाख 75 हजार नए किसानों को पंजीकृत कर लाभार्थियों की संख्या बढ़ाई गई है।

उन्होंने बताया कि राज्य 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीद रहा है और 21 क्विंटल प्रति एकड़ तक बिक्री की अनुमति दी गई है। इस वर्ष 149 लाख मीट्रिक टन धान खरीदी किसानों के भरोसे और सरकार की प्रतिबद्धता का प्रमाण है।
मुख्यमंत्री ने कृषक उन्नति योजना का दायरा बढ़ाते हुए दलहन, तिलहन और मक्का को शामिल करने की घोषणा की और बताया कि रेघा, बटाई, लीज व डूबान क्षेत्र के किसान भी लाभान्वित होंगे। पिछले 22 महीनों में सवा लाख करोड़ रुपये किसानों के खातों में भेजे जा चुके हैं।
उन्होंने मिलेट मिशन, जशपुर के ‘‘जशप्योर’’ उत्पादों, जैविक खेती, 115 लंबित सिंचाई परियोजनाओं के लिए 2,800 करोड़ की स्वीकृति और GST में कटौती से कृषि मशीनरी की बढ़ती खरीद का भी उल्लेख किया।
कार्यक्रम का समापन किसानों के प्रति आभार और कृषि व ग्रामीण विकास की निरंतर प्रगति के संकल्प के साथ हुआ।


















