बिलासपुर,11 फरवरी (आरएनएस)। शहर के सकरी थाना क्षेत्र से एक गंभीर आपराधिक मामला सामने आया है, जिसमें एक महिला ने बीजेपी से जुड़ी पार्षद के पति राजेंद्र टंडन पर दुष्कर्म का आरोप लगाया है। पीडि़ता के अदालत में दिए गए बयान के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया है।
बताया जा रहा है कि महिला ने पहले आरोपी के खिलाफ छेडख़ानी की शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस उस शिकायत की जांच कर रही थी, तभी अदालत में दिए गए विस्तृत बयान में महिला ने शारीरिक संबंध बनाए जाने की बात कही। इसके आधार पर पुलिस ने केस में दुष्कर्म की धारा जोड़ दी है।
पीडि़ता ने एक वीडियो जारी कर आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है। उसका आरोप है कि आरोपी प्रभावशाली व्यक्ति है, जिसके कारण अब तक कार्रवाई नहीं हुई।
वहीं सकरी थाना पुलिस का कहना है कि कोर्ट के निर्देश और पीडि़ता के बयान को गंभीरता से लेते हुए प्रकरण में आवश्यक धाराएं जोड़ी गई हैं। पुलिस टीम आरोपी की तलाश कर रही है और उसे जल्द हिरासत में लेने की बात कह रही है। मामला जांच के दायरे में है।
०००


















