कोण्डागांव, 19 नवंबर (आरएनएस) कोण्डागांव से लगे एनएच-30 पर मसोरा टोल नाका के पास मंगलवार देर रात बड़ेडोंगर से फिल्म देखकर वापस लौट रही स्कॉर्पियो सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई। इस सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए है, जिन्हें इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया। कार में मौजूद 5 अन्य भी घायल हैं जिनका इलाज जिला अस्पताल में जारी है।
मिली जानकारी के अनुसार, स्कॉर्पियो में कुल 12 लोग सवार थे। सभी बड़ेडोंगर से कोण्डागांव फिल्म देख कर अपने गांव लौट रहे थे। रास्ते में मसोरा टोल नाका के पास खड़े ट्रक से स्कॉर्पियो की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर की आवाज सुनकर मौके पर अफरातफरी मच गई और स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए आगे आए। सूचना पर पहुंची सिटी कोतवाली पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकाला गया। मौके पर पहुंची एम्बुलेंस और पुलिस टीम ने राहत-बचाव कार्य शुरू किया और किसी तरह स्कार्पियो वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकाला। वाहन सवार 12 लोगों में से पांच की मौके पर ही मौत हो गई थी वहीं सात लोग घायल हुए है जिनमें से दो की हालत गंभीर बनी हुई है जिन्हें उपचार के लिए रायपुर भेजा गया है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि स्कार्पियो का चालक तेज रफ्तार से गाड़ी चला रहा था और चालक को झपकी आने की भी पुलिस ने आशंका जताई है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की बारीकी से जांच कर रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
लोकेश
000
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

