—- जिलाधिकारी ने शासन की व्यवस्थाओं के अनुरूप त्वरित एवं पारदर्शी कार्रवाई का दिया निर्देश।
कुशीनगर, 21 नवम्बर (आरएनएस)। जनपद के जेसीबी संचालकों ने आज शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर से भेंट कर खनन कार्य से जुड़ी विभिन्न समस्याओं एवं मांगों से अवगत कराया। संचालकों ने क्रमवार तरीके से समस्याओं का विस्तृत उल्लेख करते हुए एक मांगपत्र सौंपा। संचालकों द्वारा बताया गया कि विभागीय अवरोधों के कारण कार्य प्रभावित होता है और अनावश्यक विलंब एवं असुविधा उत्पन्न होती है।
इसी क्रम में जिलाधिकारी ने भी अवैध खनन पर रोक तथा सड़कों पर नियमों के अनुपालन करते हुए शासकीय व्यवस्थाओं के अनुरूप कार्य करने के निर्देश दिया। साथ ही आ रही समस्याओं के निदान हेतु सिंगल विंडो सिस्टम की व्यवस्था करने हेतु आश्वस्त किया। जिलाधिकारी ने सभी मुद्दों को गंभीरता से सुनते हुए स्पष्ट किया कि खनन प्रक्रियाओं में लेखपाल एवं पुलिस विभाग की अनावश्यक भूमिका को समाप्त करने हेतु शासन की गाइडलाइन के अनुरूप प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। जिलाधिकारी ने इस संबंध में अपर जिलाधिकारी को आवश्यक निर्देश भी दिया। खनन अनुमति एवं लाइसेंसिंग प्रक्रियाओं को सरल, पारदर्शी एवं समय बद्ध बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए जिलाधिकारी ने बताया कि कलेक्ट्रेट परिसर में शीघ्र ही सिंगल विंडो सिस्टम स्थापित किया जाएगा। इस व्यवस्था से खनन संबंधी स्वीकृतियों, सत्यापन एवं निरीक्षण से जुड़े सभी कार्य एक ही स्थान पर समयबद्ध रूप से पूर्ण हो सकेंगे। उन्होंने बताया कि खनन विभाग के विभागीय पोर्टल माइन मित्रा पर संबंधित अभिलेखों के साथ आवेदन किया जाय तथा खनन योजना प्रस्तुत की जाय, तत्पश्चात जिलाधिकारी स्तर से अनुमोदन उपरांत मिट्टी खनन की स्वीकृति पत्र निर्गत किया जाता है। उन्होंने बताया कि खनन हेतु अनुमति पत्र प्राप्त किए बिना अवैध खनन करते पाए जाने पर उ0 प्र0 अपखनिज परिहार नियमावली 2021 के सुसंगत धाराओं अंतर्गत कड़ी कार्यवाही की जाएगी,तथा किसी भी दशा में अवैध खनन/परिवहन नहीं होने दिया जाएगा। जिलाधिकारी ने संचालकों को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याएं पूरी तरह वाजिब एवं समाधान योग्य हैं। जिलाधिकारी ने कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य खनन कार्यों को विधि सम्मत, पारदर्शी, सुगम एवं विवाद रहित बनाना है। ताकि संचालकों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े और विकास कार्य निर्बाध रूप से जारी रह सकें। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी वंदिता श्रीवास्तव, अपर जिलाधिकारी वैभव मिश्रा, समस्त उप जिलाधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में जेसीबी संचालक उपस्थित रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

