०खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में अब तक 3 लाख 41 हजार 573 क्विंटल धान की खरीदी
धमतरी, 21 नवम्बर (आरएनएस)। खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के तहत धमतरी जिले में 15 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का कार्य सुचारू रूप से हो रही है। जिला खाद्य अधिकारी बी. के. कोर्राम ने बताया कि जिले के 100 धान उपार्जन केन्द्रों में अब तक कुल 3 लाख 41 हजार 573 क्विंटल 60 किलोग्राम धान की खरीदी पंजीकृत किसानों से की जा चुकी है। किसानों की सुविधा के लिए टोकन प्रणाली के माध्यम से खरीदी की पारदर्शिता और गति को सुनिश्चित किया जा रहा है। शनिवार और रविवार को अवकाश है। इसलिए सोमवार 24 नवंबर के लिए कुल 2097 किसानों का टोकन काटा गया है, जिसके तहत लगभग 97 हजार 375 क्विंटल धान की खरीदी प्रस्तावित है। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने जिले में धान खरीदी कार्य की नियमित समीक्षा करते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को समय रहते सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उनके मार्गदर्शन में तौल-प्रक्रिया, गुणवत्ता परीक्षण, बारदाना उपलब्धता, परिवहन व्यवस्था तथा ऑनलाइन किसान पंजीयन से संबंधित सभी तैयारियों का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि किसान हित शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और खरीदी कार्य में किसी प्रकार की कठिनाई न आए, इसके लिए सभी उपार्जन केन्द्रों में पर्याप्त संसाधन एवं कार्मिक तैनात किए गए हैं। जिला प्रशासन द्वारा किसानों को समय पर टोकन उपलब्ध कराने, खरीदी केन्द्रों में भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था और पारदर्शी भुगतान प्रणाली को भी प्राथमिकता दी जा रही है। प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे अपने निर्धारित तिथि व समय पर ही उपार्जन केन्द्रों में पहुंचे, जिससे खरीदी सुचारू ढंग से संचालित हो सके।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

