परिजनों ने शव रख किया चक्काजाम, लगा मीलों लम्बा जाम
प्रयागराज 21 नवंबर (आरएनएस)। प्रयागराज के इंडियन पब्लिक स्कूल के हाई स्कूल छात्र की मौत मामले में पोस्टमॉर्टम के बाद परिजन शव को लेकर धूमनगंज पुलिस चौकी पहुंचे और शव को चौराहे पर रखकर चक्का जाम कर दिया। इस दौरान पुलिस और परिजनों के बीच शव को लेकर तीखी छीना-झपटी भी हुई। परिजनों ने स्कूल और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
परिजनों ने आरोप लगाया कि स्कूल प्रशासन की लापरवाही के कारण छात्र की मौत हुई है। इसी के विरोध में परिजन चौराहे पर धरना देकर न्याय की मांग पर अड़े रहे। करीब 1 घंटे तक चले इस जाम ने प्रयागराज-कानपुर हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल पैदा कर दिया। जाम लगने से कई किलोमीटर लंबी लाइन लग गई और वाहन घंटों तक रेंगते नजर आए। स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि एम्बुलेंस भी जाम में फंस गई, जिससे मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
सूचना पर पहुंचे प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने परिजनों को समझाने की कोशिश की और काफी मशक्कत के बाद जाम को खुलवाया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और स्कूल प्रशासन के खिलाफ परिजनों के आरोपों की जांच के लिए प्रयास तेज कर दिए गए हैं।
धूमनगंज थाना क्षेत्र के भोला का पूरा निवासी किसान अमर सिंह का 14 वर्षीय बेटा शिवम इंडियन पब्लिक स्कूल, ट्रांसपोर्ट नगर में 10वीं कक्षा का छात्र था। वह अपनी मां सरला यादव और बहन प्रिया के साथ रहता था।
शिवम रोज की तरह गुरुवार को स्कूल गया था। उसने घर से निकलते समय कहा था कि कल स्कूल में स्पोट्र्स डे था, इसलिए वह देर से घर लौटेगा। दोपहर करीब 12:30 बजे पड़ोसी अभय यादव ने परिवार को सूचना दी कि शिवम की अचानक तबीयत बिगड़ गई है। जल्दी आ जाइए। स्कूल वाले उसे नारायण स्वरूप अस्पताल ले गए हैं।
परिजनों का आरोप है कि जब वे नारायण स्वरूप अस्पताल पहुंचे, तो स्कूल प्रबंधन के लोग बच्चे को लेकर दूसरे अस्पताल यूनाइटेड मिड सिटी ले जा चुके थे। वहां पहुंचने पर उन्होंने बच्चे के हाथ और पैर में बिजली से जलने के निशान (इलेक्ट्रिक बर्न इंजरी) देखे हैं।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

