अयोध्या से शुरू हुई आप की रोजगार दो _सामाजिक न्याय दो पदयात्रा प्रयागराज पहुंची
प्रयागराज 21 नवंबर (आरएनएस)। रोजग़ार दो–सामाजिक न्याय दो पदयात्रा आज दसवें दिन आम आदमी पार्टी (आप) के वरिष्ठ नेता एवं राज्यसभा सांसद संजय सिंह के नेतृत्व में एनआरएस रिसॉर्ट, विश्वनाथगंज, भवानीपुर से शुरू हुई। यात्रा जम जम स्कूल से होते हुए प्रयागराज में प्रवेश कर मऊ आइमा के चौपाई बाग पहुँची। पूरे रास्ते जहां से भी पदयात्रा गुजरी, लोगों ने घरों, दुकानों और चौपालों से निकलकर पदयात्रा का जोरदार स्वागत किया। लोग पदयात्रा में ऐसे शामिल होते गए।
आशा बहुओं, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, शिक्षा मित्रों, शिक्षा अनुदेशकों और पुरानी पेंशन की मांग उठाने वाले कर्मचारियों ने भी भारी संख्या में आकर संजय सिंह के संदेश को और बुलंद किया। पूरे रास्ते भारी उत्साह के साथ लोगों ने पदयात्रा में अपनी सहभागिता दर्ज की।
पदयात्रा के दौरान राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार ने उत्तर प्रदेश के नौजवानों को बेरोजगारी के ऐसे अंधेरे में धकेल दिया है जहां लाखों युवा डिग्री लेकर भी हताश हैं क्योंकि भर्ती का हर दरवाज़ा या तो घोटालों से बंद है या पेपर लीक की आग में जल चुका है। सरकार की नीतिगत विफलताओं ने युवाओं को लगातार परीक्षाओं और पेपर लीक के नाम पर हो रही ठगी के भंवर में धकेल दिया है। एक तरफ 2018 से उत्तर प्रदेश में कोई शिक्षक भर्ती नहीं हुई, तो दूसरी ओर सिपाही, लेखपाल, दरोगा, पीसीएस जे से लेकर हाई स्कूल/इंटर तक के पेपर लीक हो रहे हैं, जिससे युवा हताश होकर आत्महत्या तक करने को मजबूर है।
आप सांसद ने कहा कि भाजपा सरकार के गलत फैसलों ने किसानों, बुनकरों, लघु व कुटीर उद्योगों की रीढ़ तोड़कर उन्हें बर्बादी के कगार पर पहुंचा दिया। महंगी बिजली के चलते बुनकरों का धंधा बंद हो गया है, किसानों को फसल का सही दाम नहीं मिल रहा है, और छोटे व्यापारियों पर बुलडोजर चलाया जा रहा है। संजय सिंह ने कहा कि यही कारण है कि यह पदयात्रा उन युवाओं के अधिकार की आवाज़ बनकर निकली है, जो रोजगार की तलाश में दर–दर भटकने को मजबूर हैं।
रास्ते भर लोग बाबा साहब भीमराव अंबेडकर, ज्योतिबा फुले, भगत सिंह की तख्तियां लिए ‘रोजग़ार दो – सामाजिक न्याय दोÓ का संकल्प दोहराते दिखे। कई जगहों पर महिलाओं ने फूल बरसाकर स्वागत किया, बच्चों ने नारे लगाए।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

