लखनऊ 23 नवंबर (आरएनएस ) के गाजीपुर थाना क्षेत्र में 19 नवंबर की रात महज 101 रुपये के लेन-देन को लेकर हुए विवाद में युवक की हत्या करने वाले दो आरोपियों को पूर्वी जोन की क्राइम/सर्विलांस टीम और थाना पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार कर लिया। मृतक की पहचान शशि प्रकाश उपाध्याय के रूप में हुई थी, जिसकी हत्या अज्ञात युवकों द्वारा मारपीट किए जाने के बाद इलाज के दौरान हो गई थी। घटना के बाद मृतक के पिता चन्द्रभूषण उपाध्याय ने पुलिस को तहरीर दी, जिसके आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया था। मामले को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ अधिकारियों ने जांच टीम गठित कर घटनास्थल, सीसीटीवी फुटेज और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से आरोपियों तक पहुंचने के निर्देश दिए।जांच के दौरान पुलिस को 23 नवंबर की सुबह मुखबिर से सूचना मिली कि हत्या के दो आरोपी कमता बस अड्डे के पास मौजूद हैं। इस पर प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार मौर्या के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर दोनों युवकों को दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अखिलेश कुमार निवासी गोण्डा और प्रिन्स उर्फ अरुण यादव निवासी आजमगढ़ के रूप में हुई। दोनों के पास तलाशी के दौरान 750 रुपये और दो मोबाइल फोन बरामद हुए। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे मृतक शशि के जानकार थे और लखनऊ में उसके साथ पार्ट-टाइम काम करते थे। इसी दौरान थोड़ी रकम के लेन-देन को लेकर विवाद हुआ था, जो बढ़कर मारपीट में बदल गया और गंभीर चोट लगने से शशि की मौत हो गई।आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल (क्क43्रङ्घ632) भी बरामद कर ली है। पुलिस के अनुसार घटना में तीसरा युवक भी शामिल था, जिसकी तलाश के लिए टीम दबिश दे रही है। गिरफ्तार दोनों युवकों को उनके अपराध के संबंध में धारा 103(1)/3(5) बीएनएस के तहत जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है, जबकि अन्य जिलों से उनके आपराधिक इतिहास की जानकारी भी जुटाई जा रही है। पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक के साथ कई उपनिरीक्षक, हेड कांस्टेबल और क्राइम/सर्विलांस टीम के सदस्य शामिल रहे, जिनकी तत्परता से यह संवेदनशील मामला कुछ ही दिनों में सुलझा लिया गया।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

