– दो घरों को रातोंरात कर गए साफ
सीतापुर 18 जून (आरएनएस)। कमलापुर थाना क्षेत्र के खेरवा गांव में चोरों ने पुलिस गश्त को चुनौती देते हुए एक ही रात में दो घरों को निशाना बनाया। नकब लगाकर और दरवाजा तोड़कर घरों में घुसे बदमाश लाखों रुपये के जेवर, नकदी और कीमती सामान समेट ले गए। सुबह घटना की जानकारी होते ही गांव में सनसनी फैल गई। बताया जाता है कि खेरवा गांव निवासी गुलाब पुत्र सुंदरलाल के घर बुधवार देर रात चोरों ने सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने एक मकान में नकब लगाकर प्रवेश किया, जबकि दूसरे मकान का दरवाजा तोड़ दिया। इसके बाद घर के कमरों को खंगालते हुए करीब तीन लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवर, 12 हजार रुपये नकद, तांबे के बर्तन और अन्य सामान चोरी कर फरार हो गए। पीडि़त गुलाब पुत्र राहुल ने बताया कि उसकी शादी पिछले वर्ष हुई थी। चोर उसकी पत्नी और मां के जेवर भी उठा ले गए। सुबह जब परिवार के लोग जागे तो घर का सामान बिखरा पड़ा मिला और चोरी का पता चला। घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। एक ही रात में दो घरों में हुई चोरी की वारदात से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन चोर पुलिस की पकड़ से दूर हैं। ग्रामीणों ने पुलिस से जल्द खुलासा करने और रात में गश्त बढ़ाने की मांग की है। सूचना पर पहुंची कमलापुर पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। प्रभारी निरीक्षक इतुल चैधरी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है तथा संदिग्ध लोगों और गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

