महोली/सीतापुर 18 जून (आरएनएस)। जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर. ने गुरुवार को नगर पंचायत महोली का औचक निरीक्षण कर विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने जनसुनवाई रजिस्टर का अवलोकन किया तथा शिकायतकर्ताओं से दूरभाष पर बात कर निस्तारण की गुणवत्ता का फीडबैक प्राप्त किया। आईजीआरएस पोर्टल पर लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए उन्होंने शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारी से वार्डों की सफाई व्यवस्था, कूड़ा उठान करने वाले वाहनों की संख्या तथा नगर पंचायत की अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली। जलकल अनुभाग में वाहन की लॉगबुक का निरीक्षण किया और हाउस टैक्स से संबंधित अभिलेखों की समीक्षा की। उन्होंने जन्म एवं मृत्यु प्रमाण-पत्र पटल का निरीक्षण करते हुए निर्देश दिए कि किसी भी आवेदन को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए तथा प्रमाण-पत्र शीघ्र जारी किए जाएं। दाखिल-खारिज रजिस्टर और महत्वपूर्ण पत्रावलियों का भी गहन परीक्षण किया गया। लेखा एवं निर्माण अनुभाग में बंधन योजना के अंतर्गत संचालित कार्यों की समीक्षा करते हुए भुगतान की स्थिति जानी। साथ ही गौशाला, आरसीसी सड़क समेत विभिन्न निर्माण कार्यों से संबंधित अभिलेखों का अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बंधन योजना के तहत निर्मित सड़क का मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया तथा साफ-सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए। इस दौरान अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत महोली सहित संबंधित कर्मचारी उपस्थित रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

