– मंझिगवां में गरजे चंद्रशेखर आजाद, प्रशासन को दी खुली चेतावनी
सीतापुर 18 जून (आरएनएस)। सम्राट अशोक स्मृति द्वार को लेकर उपजे विवाद के बीच भीम आर्मी प्रमुख एवं सांसद चंद्रशेखर आजाद ने गुरुवार को मंझिगवां गांव पहुंचकर सरकार और प्रशासन पर तीखा हमला बोला। उन्होंने मंच से चेतावनी भरे लहजे में कहा कि यदि सम्राट अशोक के नाम पर बने द्वार को कोई नुकसान पहुंचा तो ”लखनऊ में बैठे लोग चैन से नहीं सो पाएंगे।” दोपहर करीब दो बजे मंझिगवां पहुंचे चंद्रशेखर आजाद सबसे पहले गांव के बाहर बने सम्राट अशोक स्मृति द्वार पर रुके और पूरे प्रकरण की जानकारी ली। इसके बाद आयोजित सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि बहुजन महापुरुषों के सम्मान से सरकार को परेशानी हो रही है। उन्होंने कहा, ”प्रधान ने अपने पिता के नाम पर नहीं, बल्कि अखंड भारत के निर्माता सम्राट अशोक के नाम पर द्वार बनवाया है। एक बहुजन महापुरुष के नाम पर बने गेट का लोकार्पण होना था, लेकिन सरकार ने उसे कपड़े से ढकवा दिया। यह महापुरुषों के सम्मान को दबाने की कोशिश है।” चंद्रशेखर ने कहा कि मुख्यमंत्री, डीएम, एसपी या आईजी कोई भी आकर इस गेट का लोकार्पण कर सकता है, लेकिन यदि इसे तोडऩे की कोशिश हुई तो इसका जवाब पूरे प्रदेश में दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि बहुजन समाज अपने महापुरुषों के सम्मान से कोई समझौता नहीं करेगा।
इनसेट
‘प्रधान जेल गए तो चंद्रशेखर भी जेल जाएगा
सभा के दौरान सांसद ने ग्राम प्रधान पर दर्ज मुकदमे का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि झूठे मुकदमों से डरने वाले लोग नहीं हैं। ”अगर प्रधान जेल जाएगा तो चंद्रशेखर आजाद भी जेल जाएगा। ऐसे स्मृति द्वार हर गांव के बाहर बनने चाहिए।
इनसेट
गेट पर रुका काफिला, बढ़ी प्रशासन की बेचैनी
चंद्रशेखर आजाद के काफिले के सम्राट अशोक स्मृति द्वार पर रुकते ही प्रशासनिक अमले में हलचल तेज हो गई। उन्होंने मौके पर मौजूद लोगों और ग्राम प्रधान से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। इस दौरान समर्थकों की भारी भीड़ भी वहां जुटी रही।
इनसेट
वाल्मीकि मंदिर में किया पूजन, कार्यकर्ताओं से मिले
मंझिगवां कार्यक्रम से पहले चंद्रशेखर आजाद ने महमूदाबाद के नई बाजार उत्तरी स्थित महर्षि वाल्मीकि मंदिर पहुंचकर माल्यार्पण और पूजा-अर्चना की। इसके बाद पार्टी कार्यकर्ता हेमू वाल्मीकि के घर पहुंचकर परिवार का हालचाल जाना। कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों और पुष्पवर्षा के साथ उनका स्वागत किया।
इनसेट
दस थानों की फोर्स, ड्रोन से निगरानी
चंद्रशेखर आजाद के कार्यक्रम को देखते हुए मंझिगवां गांव सुरक्षा छावनी में तब्दील रहा। नवनिर्मित द्वार और सभा स्थल पर दस थानों की पुलिस फोर्स तैनात की गई थी। प्रशासन ने ड्रोन कैमरों से भी पूरे कार्यक्रम की निगरानी की। एसडीएम, सीओ समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

