बैतुल 23 नवंबर (आरएनएस)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने रविवार को बैतूल विधानसभा क्षेत्र के कोठीबाजार मंडल एवं गंज मंडल के बूथ अध्यक्षों, बीएलए-2 और पार्षदों की बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि क्षेत्र के सभी पात्र एवं वास्तविक मतदाताओं के फॉर्म निर्धारित समय-सीमा के भीतर शत-प्रतिशत जमा होना संगठन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। भाजपा कार्यकर्ता प्रदेशभर में बूथ स्तर पर समर्पणभाव से शासकीय अधिकारियों व कर्मचारियों की सहायता कर रहे हैं। एसआईआर लोकतंत्र की मजबूती का सबसे प्रभावी साधन है तथा बीएलए-1 व बीएलए-2 भाजपा की चुनावी प्रक्रिया की रीढ़ हैं। लोकतंत्र में प्रत्येक नागरिक के मताधिकार को सुरक्षित करना और उसे मतदान का अवसर उपलब्ध कराना कार्यकर्ता का कर्तव्य है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि मतदाता सूची में मात्र एक त्रुटि भी चुनाव परिणाम में बड़ा अंतर पैदा कर सकती है, इसलिए कार्यकर्ताओं को इसे सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए ‘मेरा बूथ सबसे मजबूतÓ की संकल्पना को साकार करना होगा। प्रत्येक बीएलए बूथ स्तर पर पूर्ण दक्षता, सटीकता और गंभीरता के साथ मतदाता सूची का सत्यापन कर उसे अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाए। बीएलए केवल सूची भरने वाले नहीं, बल्कि भाजपा की चुनावी रणनीति के प्रहरी हैं। बीएलए अपने शक्ति केंद्रों के अलावा प्रत्येक बूथ पर जाकर मतदाताओं को एसआईआर प्रक्रिया में सहयोग प्रदान करें, मंडल एवं बूथ स्तर पर बैठकें आयोजित करें तथा 04 दिसंबर तक वैध मतदाताओं की सूची जमा करें।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष खण्डेलवाल ने कहा कि मतदाता सूची शुद्धिकरण अभियान केवल तकनीकी कार्य नहीं है, बल्कि लोकतंत्र को पारदर्शी एवं मजबूत बनाने का राष्ट्रव्यापी अभियान है। भाजपा कार्यकर्ता एसआईआर प्रक्रिया के दौरान आने वाली किसी भी समस्या की सूचना अधिकारियों को दें और तत्काल समाधान कराएं, ताकि कोई भी मतदाता परेशान न हो। बैठक में बैतूल नगरपालिका अध्यक्ष पार्वतीबाई बारस्कर, जिला महामंत्री महेंद्र सिंह चौहान, एसआईआर जिला संयोजक कैलाश बंडू धोटे, विधानसभा संयोजक अरुण श्रीवास्तव, मंडल अध्यक्ष विकास मिश्रा एवं विक्रम वैद्य सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।

