हरिद्वार,23 नवंबर (आरएनएस)। कनखल क्षेत्र में हुए सड़क हादसे में युवक की मौत के मामले में अदालत के आदेश के बाद पुलिस ने अज्ञात ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। अदालत में पत्र देकर अलीगढ़ जनपद के ग्राम चुआवाली निवासी जितेंद्र सिंह ने बताया कि उनका भाई सतेंद्र सिंह और बेटा नवीन कुमार दो अगस्त को बाइक से हरिद्वार आए थे। तीन अगस्त तड़के करीब तीन बजे सिंहद्वार फ्लाईओवर के पास पीछे से आ रही तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में सतेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया। नवीन ने तत्काल पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद घायल को जिला अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए उसे एम्स ऋषिकेश रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि एम्स में ही पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव उन्हें सौंप दिया। अंतिम संस्कार के बाद जब परिजन मुकदमा दर्ज करवाने पहुंचे तो तहरीर लेने के बावजूद पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की और मामले को टालती रही। मजबूर होकर उन्होंने अदालत का दरवाजा खटखटाया। थाना प्रभारी मनोहर सिंह रावत ने बताया कि कोर्ट के आदेश के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। घटना की जांच शुरू कर दी गई है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

