मेरठ 24 नवंबर (आरएनएस)। सोमवार को सदर थाना क्षेत्र में चिराग चौराहे पर तेज रफ्तार थार ने जमकर कहर बरपाया। दो वाहनों को टक्कर मार कर थार बीच सड़क पर पलट गई। हादसे में दो राहगीर सहित थार का चालक भी घायल हो गया। उधर, दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाते समय लालकुर्ती थाना प्रभारी भी मामूली रूप से चोटिल हो गए। थार चालक को हिरासत में लेकर पुलिस कार्यवाही में जुटी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सोमवार की सुबह तेज रफ्तार थार कार ने मोदीपुरम से आते समय चिराग चौराहे पर पहले क्रेटा कार और फिर सामने से आ रहे एक टेंपो में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद अनियंत्रित होकर थार बीच सड़क पर पलट गई। धमाके की आवाज सुनकर सड़क चलते लोगों में हड़कंप मच गया। हादसे में थार चालक हापुड़ चुंगी निवासी शब्बीर और दो राहगीर भी घायल हो गए। जानकारी के बाद सदर और लालकुर्ती पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाना शुरू किया। इसी दौरान लालकुर्ती थाना प्रभारी हरेंद्र पाल सिंह भी हाथ में चोट लगने से घायल हो गए। पुलिस ने थार चालक शब्बीर को हिरासत में लेते हुए कार्यवाही शुरू कर दी है। गनीमत रही कि घटना के समय स्कूल की छुट्टी नहीं हुई थी। वरना कई छात्र भी हादसे के शिकार हो सकते थे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

