—- गन्ना क्रय केन्द्रों पर डिजिटल डिस्प्ले अनिवार्य, तौल प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता सुनिश्चित करने का दिया निर्देश।
कुशीनगर, 24 नवम्बर)आरएनएस)। बीते दिनों जनपद में आयोजित किसान दिवस में किसानों द्वारा उठाए गए महत्वपूर्ण मुद्दे पर जिलाधिकारी महेन्द्र सिंह तंवर ने संज्ञान लेते हुए सभी संबंधित चीनी मिलों को स्पष्ट निर्देश जारी करते हुए गन्ना क्रय केंद्रो पर डिजिटल डिस्प्ले लगाना अनिवार्य कर दिया है।
ज्ञातव्य हो कि बीते दिनों जिला मुख्यालय पर आयोजित किसान दिवस में किसानों ने मांग किया कि बाह्य गन्ना क्रय केन्द्रों पर स्थापित कम्प्यूटरीकृत/इलेक्ट्रॉनिक तौल केन्द्रों पर डिजिटल डिस्प्ले इस प्रकार लगाया जाए कि तौल कराने वाले कृषकों को तौल की पूरी प्रक्रिया तत्काल, स्पष्ट एवं पारदर्शी रूप से दिखाई दे। उक्त के क्रम में जिलाधिकारी ने जनपद के सभी अध्याशी, प्रधान प्रबन्धक चीनी मिलो के अलावे जनपद में लगे अन्य चीनी मिलो मे चीनी मिल पिपराइच जनपद गोरखपुर, चीनी मिल गड़ौरा, जनपद महाराजगंज, को निर्देशित किया है कि बाह्य गन्ना क्रय केन्द्रों पर डिजिटल डिस्प्ले (12 इंच लम्बाई म 04 इंच चौड़ाई) को वेब्रिज के बाहर ऐसी उपयुक्त ऊँचाई और स्थान पर अनिवार्य रूप से स्थापित किए जाए। जहाँ से गन्ना तौल कराने वाले किसान स्वयं स्पष्ट रूप से तौल विवरण देख सकें। उन्होंने कहा कि तौल प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित करना प्राथमिकता है। किसी प्रकार की ढिलाई या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी मिल प्रबंधन तत्काल प्रभाव से आदेश का अनुपालन सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी द्वारा जारी यह निर्देश किसानों की सुविधा, पारदर्शिता बढ़ाने और विवाद रहित तौल व्यवस्था सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

