सुलतानपुर 24 नवंबर (आरएनएस)। कोतवाली कादीपुर पुलिस एवं स्वाट टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए हत्या के मामले में वांछित अभियुक्त संदीप निषाद उर्फ मोटू पुत्र सर्वजीत निषाद निवासी राईबीगो, चन्देलेपुर थाना कादीपुर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसे देवाड़ पुल मरघटी के पास से हिरासत में लिया। गिरफ्तारी के दौरान अभियुक्त के कब्जे से आलाकत्ल हरे बांस का खूनालूद डंडा, मृतक राकेश का मोबाइल, तथा अन्य दो मोबाइल फोन बरामद किए गए।
पुलिस के अनुसार, 19 नवंबर 2025 को संदीप निषाद राकेश की दुकान पर सिगरेट लेने पहुंचा था। उस समय राकेश दुकान बंद कर सोने की तैयारी में था, इसलिए उसने सिगरेट देने से मना कर दिया। आरोप है कि इस दौरान दोनों के बीच विवाद हुआ और गाली-गलौज की बात सामने आई। इसी अपमान की भावना में संदीप ने राकेश की हत्या करने की ठान ली। आरोप है कि उसी रात 19/20 नवंबर की दरमियानी रात करीब 11-12 बजे संदीप राकेश की दुकान पर पहुंचा और सोते हुए राकेश के सिर पर हरे बांस के डंडे से तीन चार वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने अभियुक्त को जेल भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है और आगे की विवेचना जारी है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

