दुर्ग, 24 नवम्बर (आरएनएस)। प्रदेश में रजिस्ट्री दरों में बढ़ोतरी के खिलाफ विभिन्न जिलों में विरोध दर्ज कराया जा रहा है, लेकिन दुर्ग में इस आंदोलन ने अचानक तनावपूर्ण रूप ले लिया। पटेल चौक स्थित रजिस्ट्री कार्यालय के पास विरोध कर रहे भू-व्यापारियों और रियल एस्टेट से जुड़े लोगों ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव के काफिले को रोक लिया, जिसके बाद माहौल गरमा गया।
प्रदर्शनकारियों और भाजपा नेताओं के बीच तीखी बहस हुई और स्थिति इतनी बिगड़ गई कि भिलाई जिलाध्यक्ष पुरुषोत्तम देवांगन, कोषाध्यक्ष शैलेन्द्र सिंह सहित कई कार्यकर्ता प्रदर्शनकारियों से सीधे भिड़ते नजर आए। दोनों पक्षों में धक्का-मुक्की की नौबत आ गई। मौके पर मौजूद पुलिस बल ने हस्तक्षेप करते हुए भीड़ को हटाया और काफिले को आगे जाने का रास्ता दिया। घटना दुर्ग कोतवाली थाना क्षेत्र के पटेल चौक इलाके में हुई। जानकारी के अनुसार, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष जिले में सांसद विजय बघेल के पुत्र के संगीत कार्यक्रम में शिरकत करने आए थे। इसके बाद वे राइस मिल एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष कांतिलाल बोथरा के निवास में शोक संवेदना व्यक्त करने पहुंचे थे। उसी समय रजिस्ट्री दरों के विरोध में ज्ञापन सौंपकर लौट रहे प्रदर्शनकारी रास्ते में काफिले से टकरा गए और विवाद शुरू हो गया। हालांकि, जिला भाजपा अध्यक्ष पुरुषोत्तम देवांगन ने झड़प की घटनाओं को नकारते हुए कहा कि कुछ लोगों ने काफिले को रोकने की कोशिश की थी, लेकिन समझाने पर वे हट गए और किसी प्रकार की झूमाझटकी नहीं हुई।
०

