0 एआर/वीआर लैब में विद्यार्थियों ने लिया वर्चुअल शिक्षा का रोमांचक अनुभव
0 विज्ञान के सिद्धांतों को प्रत्यक्ष अनुभव से समझा
सुकमा, 24 अप्रैल (आरएनएस)। जवाहर नवोदय विद्यालय सुकमा-2 के कक्षा 7वीं के 38 विद्यार्थियों ने शुक्रवार को एक दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण के अंतर्गत साइंस पार्क का दौरा किया। इस भ्रमण का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करना और किताबी ज्ञान को व्यावहारिक धरातल पर उतारना था।
विज्ञान के रहस्यों से हुआ परिचय
साइंस पार्क में विद्यार्थियों ने विभिन्न वैज्ञानिक मॉडलों का अवलोकन किया। उन्होंने सर्कस ऑफ़ एनर्जी , न्यूटन के तृतीय नियम, परसिस्टेंस ऑफ विजन, सन डायल, पेंडुलम, कॉनकेव एवं कॉन्वेक्स मिरर, ग्रेविटी ऑफ बॉल और सेंट्रीफ्यूगल फोर्स जैसे कई महत्वपूर्ण मॉडलों के जरिए विज्ञान के कठिन सिद्धांतों को सरल और रोचक रूप में समझा। जो विषय अब तक विद्यार्थियों के लिए केवल पाठ्यपुस्तकों का हिस्सा थे, उन्हें प्रत्यक्ष रूप से क्रियाशील देखकर बच्चों की जिज्ञासा और विज्ञान के प्रति रुचि में उल्लेखनीय वृद्धि हुई।
भ्रमण का सबसे आकर्षक पड़ाव ‘एआर/वीआर लैबÓ रहा। यहाँ विद्यार्थियों ने वर्चुअल रियलिटी हेडसेट के माध्यम से आधुनिक शिक्षा का अनुभव प्राप्त किया। वीआर तकनीक की मदद से उन्होंने पदार्थ के प्रकार, कोशिकाओं की कार्यप्रणाली, ईंधन के विभिन्न रूपों और वल्र्ड हेरिटेज साइट्स जैसे विषयों को एक जीवंत और प्रभावशाली तरीके से देखा।
छात्रों में बढ़ा उत्साह
विद्यालय के शिक्षकों ने बताया कि आधुनिक शिक्षण तकनीकों के प्रयोग से न केवल विद्यार्थियों की विषयों के प्रति समझ स्पष्ट हुई है, बल्कि उनके अधिगम (लर्निंग) स्तर में भी सुधार आया है। यह शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों के लिए अत्यंत प्रेरणादायक रहा और इसने उनमें विज्ञान को करीब से जानने की नई ऊर्जा का संचार किया है।
0
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

