0 कांकेर पुलिस ने अंतर्राज्यीय गिरोह का किया भंडाफोड़
कांकेर, 30 जून (आरएनएस)। उत्तर बस्तर कांकेर जिले की बांदे पुलिस ने अंधविश्वास का सहारा लेकर लाखों रुपये की ठगी करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए छह आरोपियों को महाराष्ट्र से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 4.96 लाख रुपये नकद और एक पिकअप वाहन बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, पीवी-104 दीपनगर निवासी बलराम सरकार (53) ने 25 जून को थाना बांदे में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 17 मई को साधु के वेश में एक व्यक्ति पांच पैर वाले नंदी बैल के साथ उनके घर आया और परिवार की बीमारी दूर करने तथा घर में गड़ा सोना निकालने का झांसा दिया।
आरोपी ने स्वयं सुंदरी भस्म और बाद में नव जीवन अमृत भस्म नामक कथित दवाइयां खरीदने के लिए उन्हें महाराष्ट्र के गढ़चिरौली स्थित एक आयुर्वेदिक दुकान भेजा। पीडि़त ने पहले 52 हजार रुपये और बाद में 4.44 लाख रुपये देकर दवाइयां खरीदीं। आरोपियों ने पूजा-पाठ के दौरान एक कलश में सोने जैसी वस्तुएं दिखाकर उसे बिना खोले रखने की चेतावनी दी। बाद में जब पीडि़त ने कलश खोला तो उसमें रखी 21 मूर्तियां पीतल की निकलीं। इसके बाद उसे अपने साथ हुई 5 लाख रुपये की ठगी का एहसास हुआ।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुर्रे, एसडीओपी रवि कुजूर और थाना प्रभारी रामचंद्र साहू के नेतृत्व में टीम गठित की गई। तकनीकी साक्ष्यों और साइबर सेल की मदद से पुलिस ने महाराष्ट्र के नागपुर और गढ़चिरौली में दबिश देकर गिरोह के छह सदस्यों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों में भोला गवते, मुकेश सोनेष्वर, शिवागिरी, लिलाधर शिवाजी वाघमारे उर्फ निलेश, परमेश्वर एकनाथ उर्फ देवा और दिनेश सोनेष्वर शामिल हैं। सभी आरोपी महाराष्ट्र के नागपुर और गढ़चिरौली जिलों के निवासी हैं।
पुलिस ने आरोपियों से 4 लाख 96 हजार रुपये नकद तथा वारदात में प्रयुक्त एक पिकअप वाहन जब्त किया है। मामले में आगे की जांच जारी है।
पुलिस ने लोगों से अंधविश्वास में न आने और इस तरह के झांसे देने वाले व्यक्तियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।
0

