0 रामानुजगंज में कथित फर्जी लोन स्वीकृति और भुगतान रोकने का मामला सामने आया
0 12 जून 2020 को 80 हजार रुपये का लोन स्वीकृत कर लिया गया
रामानुजगंज, 24 अप्रैल (आरएनएस)। जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मर्यादित शाखा रामानुजगंज में कथित फर्जी लोन स्वीकृति और भुगतान रोकने का मामला सामने आया है, जिससे एक आदिवासी परिवार को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। शिकायत के अनुसार ग्राम चाकी निवासी स्वर्गीय राजकुमार भूईया, जिनका निधन 9 दिसंबर 2019 को हो चुका है, उनके नाम पर 12 जून 2020 को 80 हजार रुपये का लोन स्वीकृत कर लिया गया। संबंधित खाता क्रमांक 604006032386 में पहले से लगभग 70 हजार रुपये धान विक्रय की राशि भी जमा बताई जा रही है।
मृतक के परिजन, जिनमें उनकी पत्नी और पुत्र शामिल हैं, जब बैंक में जमा राशि निकालने पहुंचे तो उन्हें लगातार अलग-अलग बहाने बनाकर टाल दिया गया। पहले शपथ पत्र लाने को कहा गया, फिर समिति त्रिकुण्डा से नो ड्यूज प्रमाण पत्र मांगा गया। सभी दस्तावेज जमा करने के बावजूद करीब चार माह तक भुगतान नहीं किया गया। परिजनों का आरोप है कि 22 अप्रैल 2026 को शाखा प्रबंधक ने बताया कि खाते में 80 हजार रुपये का बकाया लोन दर्ज है और जब तक यह राशि जमा नहीं की जाएगी, तब तक भुगतान नहीं किया जाएगा।
परिजनों ने यह भी आरोप लगाया है कि बैंक प्रबंधक द्वारा उनके साथ जातिगत अभद्र व्यवहार किया गया और अपमानजनक शब्दों का प्रयोग किया गया। परिवार ने बताया कि उनके घर में विवाह कार्यक्रम है और आर्थिक संकट के चलते वे बेहद कठिन परिस्थिति में हैं।
इस पूरे मामले को लेकर पूर्व जिला पंचायत सदस्य मुमताज अंसारी ने भी नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि बैंक की लापरवाही और भ्रष्टाचार का खामियाजा एक गरीब आदिवासी परिवार भुगत रहा है, जो बेहद चिंताजनक है।
आवेदकगणों ने अनुविभागीय अधिकारी से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने तथा मृतक के खाते में जमा राशि दिलाने की मांग की है। फिलहाल यह मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है और प्रशासन की कार्रवाई का इंतजार किया जा रहा है।
0
Login
What's Hot
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

