प्रयागराज 24 नवंबर (आरएनएस)। शिवकुटी थाना क्षेत्र के तेलियरगंज में सरकारी भांग की दुकान पर हुई फायरिंग की वारदात का शिवकुटी पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी शनि सिंह उर्फ खुशलेश सिंह (28) को महावीरपुरी घाट के पास से गिरफ्तार कर लिया।
उसके कब्जे से एक .32 बोर पिस्टल, एक कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया गया है। गिरफ्तारी के बाद मामले में आम्र्स एक्ट की धाराएं भी जोड़ी गई हैं। आरोपी ने कबूला है कि दुकान पर बैठे युवक से झगड़े के बाद दहशत फैलाने के लिए उसने अपने साथी संग मिलकर वारदात अंजाम दी थी।
पुलिस के अनुसार आरोपी नैनी के महेवा का रहने वाला है। उस पर 2015 में मर्डर का एक केस दर्ज है। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में उसने बताया कि वह घटना वाले दिन यानी 15 नवंबर को अपने दारागंज निवासी एक साथी के संग तेलियरगंज में भांग की दुकान पर गया था। इसी दौरान उसका दुकान पर बैठे युवक से विवाद हो गया। इसके बाद वह चला गया लेकिन कुछ देर बाद लौटकर फिर आया और इस बार दुकान पर लगातार चार राउंड फायर किए। इसके बाद पिस्टल लहराते हुए भाग निकले।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

