प्रयागराज 24 नवंबर (आरएनएस)। नैनी सेंट्रल जेल में शनिवार सुबह एक 73 वर्षीय सजायाफ्ता कैदी की अचानक मौत हो गई। जेल परिसर में नियमित दिनचर्या के दौरान कैदी के अचानक गिरने से अफरा-तफरी मच गई। अधिकारियों ने उसे तुरंत इलाज के लिए भेजा, लेकिन डॉक्टर उसे बचा नहीं सके। घटना के बाद जेल प्रशासन ने जानकारी परिजनों तक पहुंचाई और शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सदियावाद कर्नलगंज निवासी ताजुद्दीन पुत्र बुद्ध (73 वर्ष) को 19 अक्टूबर 2024 को हत्या और एससी-एसटी एक्ट के मामले में आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई थी। सजा के बाद से वे नैनी सेंट्रल जेल में बंद थे। शनिवार सुबह लगभग 10.30 बजे ताजुद्दीन दैनिक दिनचर्या के अनुसार अन्य बंदियों के साथ नहाने गए थे। इसी दौरान अचानक वे जोर से लडखड़़ाए और जमीन पर गिर पड़े। गिरते ही वे बेहोश हो गए। साथियों ने तुरंत स्थिति की जानकारी जेल अधीक्षक और अधिकारियों को दी। मौके पर पहुंचे स्टाफ ने कैदी को पहले जेल अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक परीक्षण के बाद उन्हें तुरंत स्वरूप रानी नेहरू चिकित्सालय रेफर कर दिया गया।
चिकित्सालय पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद कैदी को मृत घोषित कर दिया। जेल प्रशासन ने तत्काल घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दी और शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। बाद में परिजन शव को अपने साथ ले गए।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

