रायपुर, 25 नवंबर (आरएनएस)। राजधानी में स्काई वॉक निर्माण तेजी से जारी है, जिसके चलते प्रशासन ने ट्रैफिक व्यवस्था में अस्थायी बदलाव किया है। वाहन चालकों की सुरक्षा और सुचारू आवागमन के लिए कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने 27 नवंबर से शास्त्री चौक से मेकाहारा चौक और शास्त्री चौक से मल्टीलेवल पार्किंग होकर जयस्तंभ चौक तक के मार्ग को रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक एकांकी (वन-वे) घोषित कर दिया है। यह व्यवस्था एक महीने तक प्रभावी रहेगी।
निर्धारित अवधि में रात के समय शास्त्री चौक से जयस्तंभ चौक और शास्त्री चौक से मेकाहारा रोड की ओर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। पहले 15 दिनों तक शास्त्री चौक से मल्टीलेवल पार्किंग मार्ग होकर जयस्तंभ चौक दिशा तक वन-वे लागू रहेगा, जबकि अगले 15 दिनों में शास्त्री चौक से मेकाहारा चौक की ओर मार्ग को एकांकी किया जाएगा।
कलेक्टर ने संबंधित विभागों को रिफ्लेक्टिव बैरिकेड्स, आवश्यक गाड्र्स, मार्ग बदलने की स्पष्ट व्यवस्था और वन-वे की सूचना दर्शाने वाले बोर्ड लगाने के निर्देश दिए हैं, ताकि वाहन चालकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
यह अस्थायी बदलाव स्काई वॉक निर्माण कार्य को सुरक्षित और सुचारू करने के उद्देश्य से किया गया है।
००००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

