उत्तर 24 परगना,26 अपै्रल (आरएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना के बोंगांव में एक रैली को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि पहले चरण के मतदान में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) का घमंड टूट चुका है। उन्होंने कहा, वोटिंग के पहले चरण में, पश्चिम बंगाल में मतदाताओं की जबरदस्त भागीदारी देखने को मिली है। पहले चरण के साथ ही टीएमसी का घमंड टूट गया है। आखिरी चरण यह पक्का कर देगा कि भाजपा ही सत्ता में आएगी।
प्रधानमंत्री ने कहा, टीएमसी के गुंडे ऐसे व्यवहार करते हैं मानो वे सरकार हों। ममता बनर्जी मां, माटी, मानुष के नारे के साथ सत्ता में आईं, लेकिन अब वे इसका इस्तेमाल नहीं करते, क्योंकि टीएमसी अब घुसपैठियों और गिरोहों का समर्थन करती है। दीदी ने बंगाल के मानुष को पलायन के लिए मजबूर किया है। टीएमसी के बेलगाम जंगल राज की सबसे बड़ी शिकार हमारी बहनें और हमारी बेटियां हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा, 15 साल पहले हुगली नदी के आसपास का इलाका कभी मिलों और फैक्ट्रियों का बड़ा केंद्र हुआ करता था, लेकिन आज वहां ताले लगे होने की खबरें आती हैं। ब्रिटिश दौर की फैक्ट्रियां भी बंद हो रही हैं। आज सिर्फ एक ही फैक्ट्री और एक ही दुकान चल रही है- सिंडिकेट की कट-मनी और कमीशनखोरी की दुकान। ऐसी सरकार को जाना ही होगा, ऐसी सरकार को हटाना ही होगा।
बंगाल की महिलाओं के प्रति भाजपा की प्रतिबद्धता इस बात से दिखती है कि पार्टी ने संदेशखाली पीडि़ता की मां को टिकट दिया है। संदेशखाली में गुंडे हमारी बहनों के साथ अन्याय करते रहे, जबकि निर्दयी टीएमसी उनका समर्थन करती रही। हम जूट किसानों की चिंताएं समझते हैं, इसलिए केंद्र सरकार ने 11 वर्षों में जूट का एमएसपी दोगुना कर दिया। बंगाल को आपके हर वोट की जरूरत है, ताकि हम टीएमसी के घोटालों, गुंडों और हिंसा से आजादी दिलाएंगे।
पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण के तहत 142 सीटों पर 29 अप्रैल को मतदान होना है। पहले चरण में 23 अप्रैल को 152 सीटों पर रिकॉर्ड मतदान हुआ था। पहले चरण में 91 प्रतिशत मतदान हुआ है, जो राज्य के इतिहास में अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा है। राज्य की 292 सदस्यीय विधानसभा में सरकार बनाने के लिए बहुमत का आंकड़ा 147 है। चुनावी नतीजे 4 मई को आएंगे।
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

