बिलासपुर 25 Nov, (Rns) । शहर के सरकंडा थाना क्षेत्र अंतर्गत भूकंप अटल आवास में मंगलवार को एक दंपत्ति की मौत ने पूरे इलाके को दहलाकर रख दिया। घर के अंदर पत्नी की लाश बिस्तर पर और पति की लाश पंखे से लटकती मिली। प्राथमिक जांच में पुलिस इसे पत्नी की हत्या के बाद पति द्वारा की गई खुदकुशी का मामला मान रही है। घटनास्थल से दीवार पर लिपस्टिक से लिखा एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें पत्नी के चरित्र को लेकर पति ने गंभीर आरोप लगाए हैं।
पुलिस को सुबह सूचना मिली कि अटल आवास के एक कमरे में रहने वाले सफाईकर्मी दंपत्ति नेहा उर्फ शिवानी तांबे और राज तांबे कई घंटों से बाहर नहीं निकले। दरवाजा खोलने पर दोनों की लाशें संदिग्ध हालत में मिलीं। शिवानी की लाश कमरे के बिस्तर पर पड़ी थी। राज तांबे का शव पंखे से फांसी के फंदे पर लटके मिले।
जांच में सामने आया कि राज और शिवानी ने करीब 10 साल पहले प्रेम विवाह किया था। दोनों सफाईकर्मी के रूप में काम करते थे और उनके तीन छोटे बच्चे हैं। घटना के समय बच्चे घर पर नहीं थे।

