भिलाई, 28 नवंबर (आरएनएस)। प्रदेश में सरकारी गाइडलाइन रेट और स्टांप ड्यूटी में अचानक की गई भारी बढ़ोतरी के खिलाफ जमीन कारोबारियों का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। इसी सिलसिले में आज चरोदा-भिलाई तीन क्षेत्र के जमीन कारोबारियों ने एक मंच पर आकर इस फैसले का कड़ा विरोध किया।
इस विरोध प्रदर्शन की सबसे खास बात यह रही कि कांग्रेस और भाजपा दोनों दलों से जुड़े कारोबारी एक साथ आंदोलन में उतरे। उनका कहना था कि राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन जनता के हित से जुड़े मुद्दों पर वे एकजुट रहेंगे। भाजपा नेताओं ने भी स्पष्ट कहा कि पार्टी निष्ठा अलग है, लेकिन सरकार अगर ऐसा निर्णय लेती है जिससे जनता परेशान हो, तो वे भी आवाज उठाने पीछे नहीं हटेंगे।
धरना देने वालों ने आज पूरे दिन जमीन से जुड़े सभी कार्य ठप रखे और पालिका बाजार के सामने प्रदर्शन किया। इस आंदोलन को पूर्व सीएम के भतीजे सुजीत बघेल, भाजपा नेता संतोष अग्रवाल समेत कई सामाजिक जनप्रतिनिधियों ने समर्थन दिया।
धरने के बाद सभी प्रदर्शनकारी पैदल ही तहसील कार्यालय पहुंचे और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नाम ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि 2-3 दिनों के भीतर दरों में कमी नहीं की गई तो वे चरणबद्ध और तेज आंदोलन करेंगे।
0000

