0-नवा रायपुर में अतिथियों को सर्किट हाउस एवं निमोरा गेस्ट हाउस में ठहराया गया
रायपुर, 28 नवंबर (आरएनएस)। डीजी कॉन्फ्रेंस में भाग लेने आने वाले पीएम मोदी जी को स्पीकर हाउस एम-1 बंगले में ठहराया जाएगा। यहां प्रधानमंत्री का अस्थायी निवास होगा। यहां सिर्फ कैम्प कमांडर को ही प्रवेश दिया जाएगा। प्रधानमंत्री के अस्थायी निवास को देखते हुए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की जा रही है। बाहर आने वाले डीजी, आईजी तथा आईबी प्रमुखों को भी सर्किट हाउस तथा निमोरा गेस्ट हाउस में ठहराया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार प्रधानमंत्री डीजी कॉन्फ्रेंस में भाग लेने के लिए रायपुर आ रहे हैं। स्पीकर हाउस एम-1 बंगला उनका अस्थायी निवास होगा। इसे देखते हुए यहां पर एक किलोमीटर के दायर में नो एंट्री जोन घोषित कर दिया गया है। बंगले के सामने सड़क पूरी तरह से बंद कर दी गई है। राज्यभर से डीजी कॉन्फ्रेंस में भाग लेने के लिए अफसरों के लिए लाईजिंग अफसर तैनात किए जा रहे हैं, जो छत्तीसगढ़ की संस्कृति और वैभव के बारे में बताएंगे। अधिकारियों के लिए 700 से अधिक गाडिय़ों की बुकिंग की गई है। गाड़ी कम पडऩे पर महाराष्ट्र पासिंग टैक्सी बुलाई गई है।
मिली जानकारी के अनुसार पूरे नवा रायपुर में हर एक से डेढ़ किलोमीटर पर पुलिस जवानों की तैनाती कर दी गई गई है। बुधवार शाम करीब 4.30 बजे एयरपोर्ट से एम-1 बंगले तक पीएम मोदी के काफि ले की रिहर्सल की गई। इस दौरान भी पूरा रूट बंद रखा गया। इसी बीच नवां रायपुर की सड़कों, गार्डन और दुकानों में बम निरोधक दस्ते और स्निफ र डॉग्स ने जांच की। बंगले के आसपास एनडीआरएफ के दस्ते को भी बुधवार शाम से ही तैनात कर दिया गया है। रास्तों पर बैरिकेड लगाए गए हैं, हालांकि कुछ जगह स्थानीय लोगों की सुविधा के लिए छोड़ी गई है। बाहरी वाहनों का प्रवेश दोपहर बाद से ही बंद है।
अफसरों को थ्री-लेयर से गुजरना पड़ेगा
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार आईबी ने कॉन्फ्रेंस के लिए 6 लेवल के पास जारी किए हैं। पुलिस अधिकारियों को थ्री-लेवर सुरक्षा, जांच से गुजरना अनिवार्य होगा। कैटरिंग स्टाफ, इलेक्ट्रिशियन, प्लंबर, एनडीआरएफ कर्मियों और अन्य कर्मचारियों के लिए अलग-अलग स्तर के पास जारी हुए हैं, जिन्हें छह लेयर की सुरक्षा जांच के बाद ही प्रवेश मिलेगा। पूरे कार्यक्रम की सुरक्षा की कमान एडीजी दीपांशु काबरा के हाथों में है, जो गुरुवार को रिहर्सल के दौरान भी मौजूद रहे।
महाराष्ट्र से प्राइवेट गाडिय़ों की बुकिंग
अधिकारियों का भी रायपुर पहुंचना शुरू हो चुका है। इनके लिए 400 के ज्यादा प्राइवेट गाडिय़ां बुक की गई हैं। गाड़ी कम पडऩे पर बड़ी संख्या में महाराष्ट्र पासिंग टैक्सी बुलाई गई है। वहीं प्रोटोकॉल के तहत 2 दिन तक होने वाली रिहर्सल भी गुरुवार को पूरी कर ली गई है।
आर. शर्मा
०००

