नई दिल्ली ,28 नवंबर (आरएनएस)। उत्तर पूर्वी दयालपुर थाना इलाके में रहने वाले एक युवक ने अपनी दूसरी पत्नी की सिर में गोली मारकर हत्या कर दी. वारदात को अंजाम देने के लिए आरोपी दूसरी पत्नी को बागपत ले गया, जहाँ उसके सिर में गोली मार दी और बाद में शव को जंगल में ही फेंक दिया. पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर शव को बरामद कर लिया है. पुलिस ने आरोपी के एक नाबालिग साथी को भी हिरासत में लिया है. जिसने उसकी मदद की थी.
25 वर्षीय मृतका अपने परिवार के साथ चांदबाग क्षेत्र में रहती थीं. परिवार में माता-पिता और तीन भाई और एक बहन है. महिला एक बार में नौकरी करती थीं. मृतका की बहन ने बताया कि 20 नवंबर को उनकी बहन रोज की तरह जॉब पर जाने के लिए निकली थी। रात आठ बजे तक जब वह नहीं लौटी तो परिवार वालों ने फोन किया तो उसने बताया कि उसे आफिस से घर आने में देर हो जाएगी.
मृतका की बहन ने आगे बताया कि रात 2:48 बजे उसकी आखिरी बात मां से हुई थी.तब मृतका ने पांच मिनट में घर पहुंचने की बात कही थी. लेकिन वह नहीं लौटी इसके बाद उसने फोन नहीं उठाया. तड़के परिवार के सदस्य दयालपुर थाने पहुंचे और गुमशुदगी दर्ज करवाई. पता चला आखिरी बार मृतका को खजूरी क्षेत्र के रहने वाले फैसल चौधरी के साथ देखा गया था..पुलिस ने उसके घर पर छापेमारी की तो वह फरार मिला.
परिवार ने युवती के अपहरण की आशंका जाहिर की थी. पुलिस ने एफआइआर में अपहरण की धारा जोड़ी. आरोपी की तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही थी. इस दौरान पुलिस को पता चला कि फैसल पहले से ही शादीशुदा है और उसके दो बच्चे हैं. इसके पिता आलम पेशे से प्रापर्टी डीलर हैं. अप्रैल 2025 को फैसल ने मृतका से साकेत कोर्ट में घर वालों को बिना बताए शादी की थी. शादी के बाद भी मृतका अपने मायके रह रही थी.
डीसीपी आशीष मिश्रा ने बताया की पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए लगातार छापेमारी कर रही थी. इस बीच पुलिस को जानकारी मिली थी कि आरोपी कड़कडड़ूमा कोर्ट में आत्म समर्पण करने जा रहा है जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया और 2 दिन की रिमांड पर लेने के बाद पूछताछ किया. पूछताछ में वह टूट गया और उसने महिला की हत्या और शव को ठिकाने लगाने की बात कबूल कर ली.
आरोपी पति के निशानदेही पर शव को बागपत जंगल से बरामद किया गया. पूछताछ में उसने बताया कि मृतका साथ में रहने का दबाव बना रही थी. पहली पत्नी की वजह से वह उसे घर नहीं ले जा पा रहा था. 20 नवंंबर को उसने अपने एक दोस्त की कार ली और मृतका को एक बार में लेकर गया जहां शराब पी. इसके बाद वह उसे लेकर बागपत लेकर चला गया, जहां उसके सिर में गोली मारकर हत्या कर दी.
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

