:-विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण गणना प्रपत्रों के एकत्रीकरण एवं डिजिटाइजेशन के संबंध में पार्टी पदाधिकारियों के साथ डीएम ने की बैठक
गोण्डा 28 नवम्बर। कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी प्रियंका निरंजन की अध्यक्षता में गणना प्रपत्रों के एकत्रीकरण एवं डिजिटाइजेशन की प्रक्रिया के संबंध में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में जनपद में चल रहे निर्वाचन कार्यों की प्रगति, पारदर्शिता तथा निष्पक्षता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विस्तृत समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों तथा सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान करते हुए स्पष्ट किया कि गणना प्रपत्रों के डिजिटाइजेशन में किसी भी प्रकार की लापरवाही या विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि निर्वाचन कार्य अत्यंत संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण होता है, इसलिए सभी चरणों में पारदर्शिता और शुचिता बनाए रखना आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि डिजिटाइजेशन के हर चरण की नियमित मॉनिटरिंग की जाए तथा राजनीतिक दलों को समय-समय पर प्रगति से अवगत कराया जाए। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने पर बल दिया कि डेटा संकलन, सत्यापन और डिजिटल अभिलेखीकरण की प्रक्रिया पूरी तरह सुरक्षित, सटीक एवं त्रुटिरहित हो।
बैठक में समाजवादी पार्टी, कांग्रेस पार्टी, बहुजन समाज पार्टी तथा भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारी उपस्थित रहे। उपस्थित प्रतिनिधियों ने जिलाधिकारी द्वारा दिए गए दिशा-निर्देशों और उनके नेतृत्व में चल रही निर्वाचन तैयारियों की सराहना की। उन्होंने बताया कि जिलाधिकारी के मार्गदर्शन में जनपद में अत्यंत पारदर्शिता के साथ गणना प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन किया जा रहा है, जिससे सभी राजनीतिक दलों के बीच विश्वास एवं संतोष का माहौल बना है। साथ ही, उन्होंने प्रशासन के सहयोग और त्वरित कार्यवाही की प्रशंसा करते हुए कहा कि डिजिटाइजेशन प्रक्रिया व्यवस्थित, सुरक्षित एवं सुगम तरीके से संचालित हो रही है।
जिलाधिकारी ने बैठक में कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया लोकतंत्र का आधार है और इसकी पारदर्शिता व विश्वसनीयता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से रचनात्मक सहयोग जारी रखने की अपील करते हुए बैठक का समापन किया।
बैठक में अपर जिलाधिकारी आलोक कुमार, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी तथा विभिन्न राजनीतिक दलों के वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने आगामी निर्वाचन कार्यों को सुचारु एवं निष्पक्ष रूप से संपन्न कराने हेतु प्रशासन को पूर्ण सहयोग प्रदान करने का आश्वासन दिया।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

