० कृष्ण सिंह बाबा
कोरिया, 25 अप्रैल (आरएनएस)। जिले के प्रमुख जलस्रोत झुमका जलाशय की गिरती जल गुणवत्ता को सुधारने के लिए जिला प्रशासन ने ठोस और समयबद्ध कदम उठाए हैं। खदानों से निकलने वाले अपशिष्ट जल के कारण बढ़ते प्रदूषण को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए व्यापक कार्ययोजना लागू की है, जिसके सकारात्मक परिणाम अब सामने आने लगे हैं।
चरचा स्थित अंडरग्राउंड कोल माइंस से जुड़े इस मामले में पहले ही अशोधित जल के बहाव को लेकर नोटिस जारी किया गया था और पर्यावरणीय नियमों के उल्लंघन पर खदान संचालन पर अस्थायी रोक भी लगाई गई थी। इसके बाद प्रबंधन द्वारा सुधार के लिए विस्तृत प्रस्ताव प्रस्तुत किया गया है।
योजना के तहत वर्तमान इफ्लुएंट ट्रीटमेंट प्लांट (ईटीपी) के साथ 4.5 एमएलडी क्षमता का नया प्लांट स्थापित किया जाएगा, जिसे 31 मार्च 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ईटीपी के लिए टेंडर प्रक्रिया 45 दिनों के भीतर पूरी कर ली जाएगी और स्वीकृति के बाद 7 से 8 माह में निर्माण कार्य संपन्न कर लिया जाएगा।
22 अप्रैल को कलेक्टर श्रीमती चंदन त्रिपाठी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में जल संसाधन, पर्यावरण और खदान विभाग के अधिकारियों ने स्थिति की समीक्षा की। बैठक में जल गुणवत्ता सुधार को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए ठोस निर्णय लिए गए।
इसके अलावा, चरचा क्षेत्र की लगभग 2200 आवासीय इकाइयों में से पहले चरण में 1100 घरों के एसटीपी कनेक्शन को एक सप्ताह के भीतर दुरुस्त करने का निर्णय लिया गया है। जरूरत के अनुसार सेटलिंग टैंक प्रणाली का उपयोग कर अपशिष्ट जल प्रबंधन को बेहतर बनाया जाएगा, जिससे ईटीपी की कार्यक्षमता भी बढ़ेगी।
पारदर्शिता और सतत निगरानी के लिए जल गुणवत्ता से संबंधित जानकारी सार्वजनिक करने हेतु डिजिटल डिस्प्ले सिस्टम भी लगाया जाएगा, जिससे आम नागरिकों को वास्तविक समय में जानकारी उपलब्ध हो सके।
बैठक में एसईसीएल बैकुंठपुर के महाप्रबंधक नरेश प्रसाद, जल संसाधन विभाग के कार्यपालन यंत्री अगस्टीन टोप्पो, एसईसीएल बिलासपुर के वरिष्ठ अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के जिम्मेदार अधिकारी उपस्थित रहे।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि झुमका डैम के संरक्षण और जल गुणवत्ता सुधार के लिए सभी आवश्यक कदम सख्ती के साथ उठाए जाएंगे, ताकि भविष्य में इस तरह की समस्या दोबारा उत्पन्न न हो।
०
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

