प्रयागराज 28 नवंबर (आरएनएस)। योगी सरकार दिव्यांग जनों के कल्याण के लिए एक तरफ जहां विभिन्न योजनाएं चला रही है तो वहीं उनके साथ सम्मानजनक और संवदेनशील व्यवहार को सुनिश्चित करने के लिए भी पूरी तरह संकल्पित है। इसी क्रम में प्रयागराज में मूक-बधिर दोपहिया वाहन चालकों के लिए एक नई सड़क सुरक्षा पहल शुरू की गई है। यातायात पुलिस द्वारा की गई जागरूकता की इस पहल से दिव्यागों के वाहनों की वजह से होने वाली सड़क दुर्घटनाओं में कमी आएगी।
दिव्यांग नागरिकों के कल्याण के प्रति प्रतिबद्ध योगी सरकार ने मूक बधिर दो पहिया वाहन चालकों के लिए एक और प्रयास किया है। प्रयागराज में यातायात पुलिस और प्रयागराज एसोसिएशन ऑफ द डीफ ने मूक-बधिर दोपहिया वाहन चालकों के लिए एक नई सड़क सुरक्षा पहल की है। इस पहल के तहत, वाहनों के आगे और पीछे, साथ ही दिव्यांग सवारों के हेलमेट पर विशेष रूप से डिज़ाइन किए गए लोगो लगाए गए हैं। ये प्रतीक अन्य वाहन चालकों को सचेत करेंगे कि सवार श्रवण-बाधित और वाणी-बाधित है, जिससे उन्हें अपने आसपास सुरक्षित ड्राइविंग के तरीकों को अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया जा सकेगा। पुलिस उपायुक्त यातायात नीरज पांडेय का कहना है कि जागरूकता एवं सड़क सुरक्षा कार्यक्रम के अंतर्गत यह शुरुआत की गई है। इसी क्रम में शहर के सुभाष चौराहा से रिजर्व पुलिस लाइन्स प्रयागराज तक बधिर चालकों की बाइक रैली निकालकर जागरूक किया गया। इस जागरूकता रैली के माध्यम से डीफ लोगो के प्रसार हेतु बैनर प्रदर्शित कर इस प्रतीक की पहचान हेतु जागरूक और प्रेरित किया गया ।
बाक्स
सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने में होगी उपयोगी
प्रयागराज। यातायात पुलिस का अनुमान है कि इस कदम से दिव्यांग ( डीफ़ एंड डम्ब) दोपहिया वाहन चालकों से जुड़ी सड़क दुर्घटनाओं में उल्लेखनीय कमी आएगी और सड़कों पर बेहतर सुरक्षा सुनिश्चित होगी।
प्रयागराज के एआरटीओ ( प्रशासन) राजीव चतुर्वेदी बताते हैं कि जिले में इस समय 26 दिव्यांग जनों को ड्राइविंग लाइसेंस जारी किया गया है। इसमें मूक बधिर वाहन चालकों के लिए अलग से कोई श्रेणी नहीं बनी है। वैसे अधिकारी इस कदम को समावेशी सड़क सुरक्षा की दिशा में एक सक्रिय कदम बता रहे हैं, जो सरकारी नीतियों को नागरिकों की सुरक्षा के व्यावहारिक उपायों के साथ जोड़ता है।
बाक्स
दिव्यांग संगठनों ने बताया उपयोगी
प्रयागराज। दिव्यांग संगठनों ने भी सरकार के इस प्रयास का स्वागत किया है। अखिल उत्तर प्रदेश बधिर संस्था के जनरल सेक्रेटरी अमन सक्सेना का कहना है कि सरकार का यह प्रयास दिव्यांग जनों के लिए उपयोगी साबित होगा। उन्होंने सभी दिव्यांग वाहन चालकों से अपील की है कि दो पहिया वाहन चलाते समय ऐसे प्रतीक अपने वाहन और हेलमेट में अवश्य लगाएं।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

