साइबर अपराध, मिशन शक्ति एवं सड़क सुरक्षा को लेकर छात्र-छात्राओं को किया गया जागरूक
प्रयागराज 28 नवंबर (आरएनएस)। यातायात माह नवंबर 2025 के अंतर्गत 28वें दिन सनबीम स्कूल एवं कॉलेज में साइबर अपराध, मिशन शक्ति एवं यातायात जागरूकता अभियान का सफल आयोजन उत्तर प्रदेश अपराध निरोधक समिति, लखनऊ शाखा प्रयागराज एवं पुलिस कमिश्नरेट प्रयागराज के संयुक्त तत्वाधान में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं विद्यालय स्टाफ की भारी उपस्थिति रही।
यातायात विषय पर उप निरीक्षक इंद्रपाल वर्मा द्वारा उपस्थित हजारों छात्रों को यातायात नियमों, संकेतों एवं सुरक्षित वाहन संचालन के विषय में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। उन्होंने सड़क सुरक्षा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि दुर्घटना पीडि़तों को तत्काल अस्पताल पहुंचाना एक जिम्मेदार नागरिक का कर्तव्य है। साथ ही उन्होंने बताया कि इस प्रकार के सराहनीय कार्यों पर सरकार द्वारा नगद पुरस्कार एवं प्रशंसा पत्र भी प्रदान किए जाते हैं। मिशन शक्ति के अंतर्गत उप निरीक्षक कुसुम लता (थाना औद्योगिक) ने छात्राओं को योजनाओं तथा सहायता प्राप्त करने के माध्यमों की जानकारी दी।
यह कार्यक्रम चेयर मैन कमलेश श्रीवास्तव व आर. एस. वर्मा आईएएस पूर्व मंडलायुक्त वाइस चेयरमैन समिति के निर्देशन में चलाया जा रहा है। समिति सचिव संतोष कुमार ने विद्यार्थियों से अपील किया कि वे शिक्षा को अपना प्रमुख लक्ष्य बनाएं और प्राप्त जानकारी को अपने परिवार, रिश्तेदारों एवं समाज के बीच साझा करें।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से अजीत कुमार सिन्हा (से.नि. जिला विद्यालय निरीक्षक), हसन ए नकवी (सचिव पर्यावरण प्रकोष्ठ समिति), रामबाबू सिंह (वार्ड ऑफिसर नैनी), सुधीर कुमार प्रजापति (सहायक वार्ड ऑफिसर), मनीष विश्वकर्मा (यूथ टीम प्रभारी), विक्रम पासवान, विमल सक्सेना, अश्वनी सहित अनेक पदाधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

