भोपाल 28 नवंबर (आरएनएस)।ब्राह्मणों की बेटियों के खिलाफ बयान देने के मामले में अजाक्स के नव निर्वाचित अध्यक्ष और आईएएस अधिकारी संतोष कुमार वर्मा के खिलाफ वल्लभ भवन (मंत्रालय) कैंपस के सामने शुक्रवार को विरोध प्रदर्शन हुआ।
संतोष वर्मा मुर्दाबाद और भगवान परशुराम की जय-जयकार करते हुए यहां पहुंचे कांग्रेस-बीजेपी समेत सभी दलों और संगठनों के लोगों ने श्री हनुमान चालीसा का पाठ किया। इन सभी के द्वारा राज्य सरकार से मांग की गई है कि वर्मा का आईएएस अवॉर्ड वापस लिया जाए और एफआईआर दर्ज कर जेल भेजा जाए।
तख्तियां लेकर पहुंचे लोगों ने जय श्री राम के भी नारे लगाए। पुलिस बल की मौजूदगी में हुए प्रदर्शन में मंत्रालय कर्मचारी अधिकारी संघ के सुधीर नायक के अलावा पूर्व मंत्री पीसी शर्मा, बीजेपी नेता गिरीश शर्मा, पुष्पेंद्र मिश्रा, मयूर उपाध्याय समेत समाज के अन्य लोगों की मौजूदगी रही।

