रुद्रपुर,29 नवंबर (आरएनएस)। फाइव-जी सिम अपडेट के नाम पर एक फैक्ट्री कर्मी से एक लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। एपीजे इन्वेस्टमेंट, सेक्टर-9 सिडकुल निवासी उमेश चंद्र पुत्र मोहन लाल ने बताया कि 15 नवंबर को उनके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को एयरटेल कंपनी का प्रतिनिधि बताते हुए कहा कि उनका सिम फाइव-जी सर्विस पर चल रहा है, लेकिन अपडेट लंबित है। विश्वास दिलाने के बाद ठग ने उमेश से मोबाइल में मौजूद एयरटेल का आधिकारिक ऐप खुलवाकर ई-सिम एक्टिवेशन प्रक्रिया पूरी करने को कहा। बताए अनुसार कदम उठाने के बाद कुछ ही देर में फोन का नेटवर्क गायब हो गया। अगले दिन 16 नवंबर को दोबारा कॉल कर ठग ने मेल आईडी अपडेट करने के नाम पर उनकी ई-मेल आईडी भी हासिल कर ली। कॉल कटते ही फिर नेटवर्क बंद हो गया और दो दिन तक फोन बंद जैसा ही रहा। तकनीकी समस्या समझकर उमेश एयरटेल कार्यालय पहुंचे, जहां कर्मचारियों ने स्पष्ट किया कि कंपनी इस तरह की कॉल नहीं करती। नया सिम जारी कर उनका फोन चालू करवाया गया। इसी बीच जब उन्होंने बैंक खाता जांचा तो पता चला कि ठगों ने 10 ट्रांजेक्शन के जरिए खाते से कुल एक लाख रुपये निकाल लिए हैं। थाना पंतनगर प्रभारी नंदन सिंह रावत ने बताया कि तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

