हरिद्वार,29 नवंबर (आरएनएस)। एसएसपी के निर्देश पर ज्वालापुर पुलिस ने शनिवार को राजकीय इंटर कॉलेज में चाइनीज मांझे की बिक्री और उपयोग के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान प्रभारी निरीक्षक कुन्दन सिंह राणा और टीम ने शिक्षकों, छात्रों और स्थानीय लोगों को चाइनीज मांझे के नुकसान बताए। कहा कि चाइनीज मांझा न सिर्फ अवैध है बल्कि जानलेवा भी है, इसलिए इसके उपयोग और बिक्री पर सख्त प्रतिबंध है। पुलिस टीम ने बैनर लगाकर उपस्थित लोगों को बताया कि चाइनीज मांझे से हर साल लोगों के गले कटने, सड़क हादसों और पक्षियों की मौत जैसी कई घटनाएं सामने आती हैं। ऐसे में पतंगबाजी करते समय साधारण धागे का उपयोग करना ही सुरक्षित है। पुलिस ने लोगों से अपील की कि यदि कहीं भी चाइनीज मांझा बेचा या उपयोग करते दिखे, तो इसकी तुरंत सूचना पुलिस को दें।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

