लखनऊ ,29 नवंबर (आरएनएस)। इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी, लखनऊ शाखा द्वारा गोद लिए गए टीबी मरीजों को दूसरे महीने की पुष्टाहार पोटली का वितरण आज ठाकुरगंज स्थित टीबी हॉस्पिटल में किया गया। यह कार्यक्रम डिप्टी मुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं रेड क्रॉस सोसाइटी के सचिव अमरनाथ मिश्र के नेतृत्व में सम्पन्न हुआ, जिसमें कुल 42 टीबी मरीजों को पोषण पोटली प्रदान की गई।कार्यक्रम के दौरान अमरनाथ मिश्र ने बताया कि टीबी एक पूरी तरह उपचार योग्य बीमारी है और इसका उपचार निरंतरता तथा उचित पोषण से ही प्रभावी होता है। उन्होंने मरीजों से दवाएं समय पर लेने और मनोबल बनाए रखने की अपील की, साथ ही आश्वासन दिया कि रेड क्रॉस सोसाइटी हमेशा जरूरतमंदों के साथ है।डॉ. रवि शेखर ने उपस्थित मरीजों और उनके परिजनों को टीबी के उपचार, दवाओं के नियमित सेवन और पौष्टिक भोजन के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि टीबी से बचाव और उपचार दोनों ही संभव हैं, बस जागरूकता और अनुशासन की आवश्यकता है। डॉक्टरों की टीम ने मरीजों को बताया कि खांसी होने पर मुंह ढकना, साफ-सफाई रखना और दवा उपचार को बीच में न छोडऩा अत्यंत आवश्यक है।कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी एस.पी. सिंह ने रेड क्रॉस सोसाइटी के सचिव अमरनाथ मिश्र को मरीजों के पोषण और सहयोग कार्यों के लिए सम्मानित भी किया। उन्होंने बताया कि अस्पताल में अभी 117 टीबी मरीज ऐसे हैं जिन्हें गोद लेने की आवश्यकता है। इस पर अमरनाथ मिश्र ने आश्वासन दिया कि समिति के सदस्य शीघ्र ही इन मरीजों को भी गोद लेने की प्रक्रिया पूरी करेंगे।आज के कार्यक्रम में अमरनाथ मिश्र, एस.पी. सिंह, डॉ. रवि शेखर, नवीन गुप्ता, ऋतुराज रस्तोगी, मनीष शुक्ला, आलोक सक्सेना, फारूक अली, माजिद अली, सुनील शुक्ला, हरि भाई और मनोज तिवारी सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

